Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

योगी सरकार के सुशासन प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान, IIPA की यूपी शाखा को मिला सर्वश्रेष्ठ शाखा का सम्मान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सुशासन, जनकल्याण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के प्रयासों के बीच भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (IIPA) की उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय शाखा ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के राष्ट्रीय मुख्यालय ने यूपी शाखा को वर्ष 2025-26 के लिए देश की सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय/स्थानीय शाखा के पुरस्कार के लिए चुना है। यह सम्मान लोक प्रशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, संस्थागत प्रतिबद्धता और जनहित से जुड़े विषयों पर सक्रिय योगदान के लिए दिया जा रहा है।

सुशासन और जनभागीदारी को बढ़ावा देने में योगदान

भारत सरकार द्वारा स्थापित भारतीय लोक प्रशासन संस्थान लोकतंत्र, लोक कल्याण, सुशासन और जनभागीदारी से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाने के लिए काम करता है। संस्थान का राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली में है, जबकि इसकी क्षेत्रीय और स्थानीय शाखाएं देश के विभिन्न हिस्सों में संचालित हैं। उत्तर प्रदेश की क्षेत्रीय शाखा लखनऊ में स्थित है और इसे राज्य सरकार से अनुदान मिलता है।

प्रदेश में पारदर्शी प्रशासन, जवाबदेह शासन व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में IIPA की यूपी शाखा को मिला यह सम्मान लोक प्रशासन, प्रशिक्षण और जनभागीदारी से जुड़े प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सामूहिक प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान

उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय शाखा के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त मुख्य सचिव आर. रामनी के नेतृत्व में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, सदस्यों, कर्मचारियों और इंटर्न विद्यार्थियों ने इस उपलब्धि में योगदान दिया है। यह पुरस्कार संस्थान की कार्यप्रणाली में उत्कृष्टता, निरंतर सुधार और समाज से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी योगदान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

31 अक्टूबर को प्रदान किया जाएगा पुरस्कार

संस्थान के राष्ट्रीय मुख्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, वर्ष 2025-26 के लिए सर्वश्रेष्ठ शाखा का पुरस्कार 31 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित IIPA परिसर में आयोजित वार्षिक आमसभा की बैठक में दिया जाएगा। भारत के उपराष्ट्रपति और IIPA के अध्यक्ष इस अवसर पर पुरस्कार प्रदान करेंगे।

उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय शाखा के मानद सचिव और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी के. रविंदर नाइक ने इस उपलब्धि को शाखा के सदस्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। यह सम्मान प्रदेश में लोक प्रशासन और सुशासन से जुड़े प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने के साथ भविष्य में बेहतर काम करने के लिए भी प्रेरित करेगा।