प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर दिल्ली में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को बताया कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में दिल्ली सरकार के सभी विभाग जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इस दौरान करीब 13,820 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा।
अभियान के तहत बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर, वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, अंगदान जागरूकता, स्वच्छता अभियान और पौधारोपण जैसे कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में तीन-तीन दिन के ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों को केंद्र और दिल्ली सरकार की योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ लेने में मदद मिलेगी।
17 सितंबर को मेगा रक्तदान शिविर
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 17 सितंबर को विशेष मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें एक ही दिन में 2,500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, करीब 25,000 वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। श्रम विभाग अभियान के दौरान दिल्ली में काम करने वाले श्रमिकों और निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण और स्वास्थ्य परीक्षण भी कराएगा। इसका उद्देश्य उन्हें सरकारी सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।
यमुना की सफाई पर 8 हजार करोड़ की परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना की सफाई से जुड़ी करीब 8,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भी अभियान के दौरान उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ यमुना की सफाई के लिए बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। पर्यावरण विभाग की ओर से ‘स्वच्छ दिल्ली, हरित दिल्ली’ अभियान के तहत दिल्ली में 70 लाख पेड़-पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सेवा संकल्प अभियान के दौरान प्रत्येक वार्ड में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
5 लाख विद्यार्थी लेंगे ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता में हिस्सा
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण और रील बनाने जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसमें दिल्ली के करीब 5,000 स्कूलों के 5 लाख विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य है। इसमें दिल्ली सरकार के स्कूलों के साथ निजी स्कूल, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद और नगर निगम के स्कूल भी शामिल होंगे। विश्वविद्यालयों को भी कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं को अपने विचारों और विकसित भारत की अपनी कल्पना को सामने रखने का मौका देना है।
‘आशीर्वाद का दीया’ से मनाया जाएगा PM मोदी का जन्मदिन
17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत दिल्ली के लाभार्थी अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देंगे। मुख्यमंत्री, मंत्री और जनप्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा ‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के जरिए उन लोगों की वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी, जिनके जीवन में सरकारी योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आया है। इन कहानियों को वीडियो और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाएगा।
70 विधानसभा क्षेत्रों में लगेंगे सेवा शिविर
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में तीन-तीन दिन के विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में सरकारी अधिकारी मौजूद रहेंगे और पात्र लोगों का पंजीकरण कराने, योजनाओं की जानकारी देने और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का काम करेंगे। अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने, युवाओं के लिए ‘इनोवेशन चैलेंज’, ‘सुशासन सेवा संवाद’ और ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दिल्ली में करीब 10,897 आंगनबाड़ी केंद्रों में काम कर रहीं 21,350 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
दिल्ली के विकास को मिली नई गति: रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से दिल्ली में परिवहन, कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में कई बड़े काम हुए हैं। उन्होंने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, द्वारका एक्सप्रेसवे, UER-2 और पूर्वी-पश्चिमी परिधीय मार्गों का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट, दिल्ली मेट्रो विस्तार, रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम, यशोभूमि और भारत मंडपम जैसी परियोजनाओं से दिल्ली की सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रमों की मेजबानी की क्षमता बढ़ी है। हाल में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन को भी उन्होंने आधुनिक बुनियादी ढांचे की क्षमता का उदाहरण बताया।