Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

दीपोत्सव में 15 फीट ऊंचे रामरथ पर विराजेंगे भगवान श्रीराम, रामकथा पार्क में चल रही तैयारी

अयोध्या में दसवें दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार रामकथा पार्क में 15 फीट ऊंचा भव्य रामरथ तैयार किया जा रहा है। इस रथ पर भगवान श्रीराम के साथ माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी और अन्य दिव्य स्वरूप विराजमान होंगे। यह रामरथ दीपोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।

पर्यटन और संस्कृति विभाग की ओर से चयनित कंपनी मोक्ष एडवर्टाइजिंग एंड इवेंट्स मैनेजमेंट कंपनी के प्रतिनिधि के अनुसार, रामरथ की लंबाई 16 फीट और चौड़ाई 12 फीट होगी। इसे प्लाई और कैनवास मटेरियल से तैयार किया जा रहा है। रथ को पारंपरिक और आधुनिक शैली का मिश्रण देते हुए आकर्षक रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु दूर से ही इसके दर्शन कर सकें।

रामकथा की झांकी पेश करेगा रामरथ

रामरथ पर भगवान श्रीराम के साथ माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूपों को स्थान दिया जाएगा। इसके जरिए रामकथा से जुड़े प्रसंगों की झलक देखने को मिलेगी। रामकथा पार्क में चल रहा यह निर्माण कार्य दीपोत्सव की तैयारियों का अहम हिस्सा है।

लाखों दीपों से जगमगाएगी रामनगरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस बार अयोध्या में दसवां दीपोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। उत्सव के दौरान अयोध्या के घाटों, मंदिरों और प्रमुख रास्तों को लाखों दीपों से रोशन किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, रामलीला और भक्ति संगीत के आयोजन भी होंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। रामकथा पार्क में तैयार हो रहा भव्य रामरथ दीपोत्सव के आकर्षण को और बढ़ाएगा।