Breaking News

नेपाल की बाढ़ से 22 लाख टन मलबा, 17 नगरपालिकाओं में 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित     |   कांगो में इबोला का कहर तेज, 3 हजार पहुंचा मौतों का आंकड़ा     |   कानपुर: पेपर लीक के आरोप के बाद एक सेंटर पर BSF की परीक्षा रद्द     |   रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा बन सकते हैं राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO     |   अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा, फिर शुरू हुए जवाबी हमले     |  

CM योगी ने UPCOS पोर्टल और वेबसाइट की लॉन्च , 20 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को मिलेगा सुरक्षा कवच

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स्ड सर्विसेज कॉरपोरेशन (UPCOS) के पोर्टल और वेबसाइट के लॉन्च कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान योजना का लोगो भी लॉन्च किया गया और आउटसोर्स कर्मचारियों को चेक वितरित किए गए। UPCOS एक राज्य स्तरीय गैर-लाभकारी संस्था है, जिसका उद्देश्य आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाना और उनके अधिकारों की सुरक्षा करना है। इसके तहत कर्मचारियों को समय पर सीधे वेतन भुगतान और EPF/ESI जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM योगी ने पिछली सरकारों पर आउटसोर्स कर्मचारियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले की सरकारें आउटसोर्स कर्मचारियों को बोझ मानती थीं और भर्ती के नाम पर उनका शोषण किया जाता था। योगी ने कहा कि उनकी सरकार कर्मचारियों को बोझ नहीं, बल्कि राज्य की संपत्ति और विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला वर्ग मानती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में स्थायी और आउटसोर्स, दोनों तरह के कर्मचारियों का योगदान है। उन्होंने कहा कि नगर निकायों के सफाई कर्मचारियों से लेकर जरूरी सरकारी सेवाओं में अलग-अलग भूमिकाओं में काम करने वाले कर्मचारियों की मेहनत से प्रदेश आगे बढ़ रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि UPCOS के जरिए सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि हर आउटसोर्स कर्मचारी को उसके योगदान के अनुरूप सम्मान और गरिमा मिले। उन्होंने कहा कि सरकार और कर्मचारियों का रिश्ता केवल वेतन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विश्वास पर आधारित है। कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलना चाहिए, उनकी समस्याओं को सुनने की व्यवस्था होनी चाहिए और उनके अच्छे काम का रिकॉर्ड भी रखा जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों को मेहनत के अनुरूप पारिश्रमिक मिलना चाहिए और श्रम का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक भेदभाव खत्म करने के लिए आर्थिक असमानता को दूर करना जरूरी है। CM योगी ने कहा कि नई व्यवस्था में बिचौलियों पर निर्भरता खत्म की जाएगी। इसके लिए एक समर्पित पोर्टल बनाया गया है, जहां कर्मचारियों को जरूरी जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि जब कर्मचारियों को समय पर उनके अधिकार और सुविधाएं मिलेंगी, तो उनके परिवारों को भी सुरक्षा मिलेगी। बच्चों की शिक्षा, परिवार के सदस्यों के इलाज और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर उन्हें बेहतर भरोसा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि UPCOS के जरिए 20 लाख लोगों को सुरक्षा कवच प्रदान किया जाएगा।