देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 13 घंटों के दौरान 19 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। लोगों से सतर्क रहने और मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और उत्तराखंड समेत 19 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कई इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी आज तेज आंधी और भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। किसानों और यात्रियों को भी मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।