Breaking News

राजस्थान निकाय चुनाव 2026: नगर परिषद की 47 सीट का रुझान, 15 पर BJP आगे     |   यूपी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 IAS और 34 PCS अफसरों के तबादले     |   तेलंगाना: तड़के बेकाबू बस ने कई वाहनों और होटल को रौंदा, 1 की मौत     |   राजस्थान निकाय चुनाव: 309 सीटों के नतीजे जारी, 163 पर जीती बीजेपी     |   राजस्थान निकाय चुनाव 2026: 92 सीटों पर बीजेपी की जीत, 58 पर कांग्रेस का कब्जा     |  

नाबालिग को शराब बेचने के वीडियो पर योगी सरकार का एक्शन, सेल्समैन हटाया और 30 हजार का जुर्माना

युवाओं और नाबालिगों को नशे से दूर रखने के लिए योगी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। लखनऊ में नाबालिग को शराब बेचने से जुड़े एक वीडियो के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद आबकारी विभाग ने तत्काल जांच कर कार्रवाई की। संबंधित दुकान के सेल्समैन को हटा दिया गया, जबकि दुकान पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X समेत अन्य जगहों पर वीडियो सामने आने के बाद सरकार ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के निर्देश दिए। 11 सितंबर को जिला आबकारी अधिकारी, लखनऊ ने वीडियो की जांच कराई।

जांच में सामने आया कि वीडियो विकासनगर थाना क्षेत्र के शुभौली स्थित एक कम्पोजिट दुकान का है। इसमें दुकान के सेल्समैन की एक व्यक्ति से कहासुनी दिखाई दे रही थी। इसी दौरान सेल्समैन पर एक नाबालिग बच्चे को शराब बेचने का आरोप लगाया जा रहा था। जांच के दौरान सेल्समैन का व्यवहार उचित नहीं पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। इसके साथ ही संबंधित कम्पोजिट दुकान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

सरकार की इस कार्रवाई से साफ है कि नाबालिगों तक शराब की पहुंच रोकने के मामले में आबकारी विभाग लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगा। सरकार अवैध और जहरीली शराब पर रोक के साथ-साथ कम उम्र के बच्चों को शराब से दूर रखने पर भी जोर दे रही है। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना दोबारा सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और पारदर्शी नीतियों के चलते पिछले साढ़े चार वर्षों से अधिक समय से प्रदेश में अवैध या जहरीली शराब की बिक्री का कोई मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को दूसरे राज्यों के लिए भी उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है और इस व्यवस्था को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।