Breaking News

राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में झमाझम बारिश     |   नागपुर: गोधनी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस लीक, 40 लोग अस्पताल में भर्ती     |   UP: ‘देश की संस्थाओं को अपमानित करना गलत’, सीएम योगी का राहुल गांधी पर पलटवार     |   साइबर टेररिज्म केस 2025: NIA की तेलंगाना के पेड्डापल्ली में कई जगहों पर छापेमारी     |   झारखंड सरकार ने पेपरलीक मामले में SC का नोटिस स्वीकारा, दाखिल करेगी जवाब     |  

UP: रक्षाबंधन से पहले नोएडा में बड़ी कार्रवाई, 300 किलो पनीर जब्त कर नष्ट किया गया

Noida: रक्षाबंधन के त्योहार से पहले उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत नोएडा के गढ़ी चौखंडी स्थित एक डेयरी से करीब 300 किलो पनीर जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, पनीर मानव उपभोग के लिए उपयुक्त नहीं था।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों विशाल गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने डेयरी का निरीक्षण किया। यहां हरियाणा के मेवात से लाया गया पनीर मिला। टीम ने पनीर का एक नमूना जांच के लिए लिया और बाकी पनीर को खराब गुणवत्ता के कारण मौके पर ही नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण दूध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराना है।

सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने बताया कि लोगों को शुद्ध और उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।अधिकारियों के अनुसार, 22 अगस्त की रात खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता ने DND फ्लाईओवर के पास एक वाहन को रोका। वाहन में बुलंदशहर के किलौखरी से पनीर को दिल्ली ले जाया जा रहा था। टीम ने पनीर का नमूना जांच के लिए लिया। इसी तरह 23 अगस्त को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज के नेतृत्व में टीम ने नोएडा सेक्टर-88 मंडी स्थित एक अन्य डेयरी से पनीर का नमूना लिया।

एक अन्य कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर स्थित डेयरी से पनीर और दही के नमूने लिए। इसके अलावा नॉलेज पार्क-2 स्थित एक डेयरी से भी पनीर का नमूना लिया गया, जिसने संबंधित दुकान को यह उत्पाद सप्लाई किया था।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह ने ग्रेटर नोएडा में यथार्थ अस्पताल के पास स्थित एक मिठाई की दुकान से बूंदी के लड्डू और खोया के नमूने भी लिए।जिले के अलग-अलग स्थानों से दूध से बने उत्पादों और मिठाइयों के कुल आठ नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा। जिलेभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।