दिल्ली में गुरुवार को हुई तेज बारिश के बीच रोहिणी सेक्टर-15 में एक पेड़ वैन पर गिर गया। हादसे में वैन क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई घायल नहीं हुआ। मामले की अन्य जानकारी का इंतजार है। वहीं, लगातार हो रही बारिश से दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। नोएडा और गाजियाबाद में भी कई सड़कों पर पानी भरने से ट्रैफिक प्रभावित रहा।
दिल्ली में इस बार 228.1 मिमी रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया। हालांकि, पहले से की गई तैयारियों के कारण कई जगहों पर हालात नियंत्रण में रहे। प्रशासन ने पहले ही बड़े नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था की थी। इसके चलते एनएचपीसी चौक जैसे प्रमुख अंडरपास में पानी नहीं भरा और यातायात सामान्य बना रहा।
हालांकि, गीता कॉलोनी में तेज बारिश के बाद काफी जलभराव देखने को मिला। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्थिति का जायजा लेते हुए सभी सरकारी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, जलभराव से निपटने के लिए सरकार युद्धस्तर पर काम कर रही है। पीडब्ल्यूडी (PWD), दिल्ली जल बोर्ड और एमसीडी की टीमें शहर के अलग-अलग इलाकों में पानी निकालने और यातायात सुचारु रखने के लिए लगातार काम कर रही हैं।