Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

योगी सरकार में पारदर्शी भर्ती से मिली खाकी वर्दी, सीएम के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे

उत्तर प्रदेश पुलिस को 4,543 नए उपनिरीक्षक मिल गए हैं। शुक्रवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान नवचयनित उपनिरीक्षकों ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और तेज बताया। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में फॉर्म भरने के निर्धारित शुल्क के अलावा किसी को एक भी रुपया नहीं देना पड़ा।

सात साल की मेहनत लाई रंग, प्रशांत कुमार बने उपनिरीक्षक

बदायूं के रहने वाले प्रशांत कुमार का चयन उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि वह पिछले सात वर्षों से इस पद के लिए तैयारी कर रहे थे। इस बार उनकी मेहनत सफल हुई। उन्होंने कहा कि पहले की भर्तियों में धांधली की शिकायतें सामने आती थीं, लेकिन 2017 के बाद ऐसी अनियमितताओं पर लगाम लगी है।

वहीं, इसी पद पर चयनित सुमित शर्मा ने बताया कि वह वर्ष 2022 से तैयारी कर रहे थे। भर्ती प्रक्रिया तेजी से और पारदर्शी तरीके से पूरी हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में आने के बाद उनकी कोशिश रहेगी कि किसी के साथ अन्याय न हो।

धनतेरस पर नियुक्ति पत्र मिलना महालक्ष्मी के आशीर्वाद जैसा: शिवी शर्मा

नवचयनित उपनिरीक्षक शिवी शर्मा ने भर्ती प्रक्रिया के अनुभव को अच्छा बताया। उन्होंने कहा कि वह पिछले एक साल से तैयारी कर रही थीं और अब उनका सपना पूरा हो गया है। दीपावली से पहले धनतेरस के दिन नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए महालक्ष्मी के आशीर्वाद जैसा है। उन्होंने कहा कि जब नौकरी पाने के लिए रिश्वत नहीं देनी पड़ी तो वह भी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगी। गरीबों की मदद करना उनकी प्राथमिकता होगी।

सेना से रिटायर उदयवीर सिंह बने उपनिरीक्षक

बरेली निवासी उदयवीर सिंह कठेरिया सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनका चयन भी उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर हुआ है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के कारण ही उन्हें यह अवसर मिला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भर्तियां पारदर्शी तरीके से हो रही हैं और युवाओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

मुजफ्फरनगर निवासी अंशु चौधरी ने कहा कि महज एक साल में भर्ती प्रक्रिया पूरी होना बड़ी बात है। उन्होंने निष्पक्ष भर्ती के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाली सीख को अपनाकर पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

बचपन का पुलिस में सेवा का सपना हुआ पूरा: राजा बाबू

बरेली निवासी राजा बाबू ने बताया कि पुलिस में भर्ती होने का सपना उन्होंने बचपन से देखा था, जो अब पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि फॉर्म भरने के निर्धारित शुल्क के अलावा भर्ती प्रक्रिया के किसी भी चरण में उन्हें एक रुपया भी खर्च नहीं करना पड़ा।

राजा बाबू ने कहा कि पुलिस सेवा में उनकी प्राथमिकता गरीब, शोषित और वंचित लोगों को न्याय दिलाना होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

नवचयनित उपनिरीक्षकों ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं का सरकारी व्यवस्था पर भरोसा बढ़ा है। अब वे अपनी मेहनत और प्रशिक्षण के दम पर प्रदेश की जनता की सेवा करने के लिए तैयार हैं।