रेल मंत्रालय ने बुधवार को जम्मू डिवीजन के अंतर्गत श्री माता वैष्णो देवी कटरा और बनिहाल के बीच 111 किलोमीटर लंबे नए ब्रॉड गेज रेल सेक्शन पर ट्रेनों की अधिकतम अनुमत गति बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटे करने की मंजूरी दे दी है। उत्तर रेलवे के अनुसार, इससे पहले श्री माता वैष्णो देवी कटरा-संगलदान सेक्शन पर ट्रेनों की अधिकतम अनुमत गति 85 किमी प्रति घंटा और संगलदान-बनिहाल सेक्शन पर 75 किमी प्रति घंटा थी। गति बढ़ाने से पहले रेलवे की ओर से निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों और शर्तों का पालन सुनिश्चित किया गया।
जम्मू के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि ट्रेनों की गति बढ़ने से जम्मू-कश्मीर की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस फैसले से यात्रा का समय कम होगा और क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार तथा आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर लगातार प्रतिबद्ध है। गति बढ़ाए जाने के बाद श्री माता वैष्णो देवी कटरा से बनिहाल के बीच यात्रा का समय कम होगा, जिससे यात्रियों को तेज और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी।
इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ मध्य प्रदेश में गेज परिवर्तित कैलारस-सबलगढ़-बीरपुर रेल सेक्शन का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस दौरान ग्वालियर-कैलारस ट्रेन सेवा का विस्तार बीरपुर तक किया गया।इस रेल सेवा के विस्तार से बीरपुर, विजयपुर और सबलगढ़ की ग्वालियर से सीधी रेल कनेक्टिविटी हो गई है। इससे खासकर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के लोगों को अधिक सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। नई रेल कनेक्टिविटी से लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए ग्वालियर तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। इसके साथ ही क्षेत्र में स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।