Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

दीपोत्सव पर राम की पैड़ी का नया रूप बना आकर्षण, 30 लाख दीपों से जगमगाएगी अयोध्या

दीपोत्सव-2026 के लिए अयोध्या 30 लाख दीपों से जगमगाने को तैयार है। इस बीच सरयू नदी के किनारे स्थित राम की पैड़ी पर विकसित नई पर्यटन सुविधाएं भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन रही हैं। यहां आने वाले लोग विजिटर गैलरी, सेल्फी प्वाइंट, दर्शक दीर्घा और ओपन एयर थिएटर का आनंद ले रहे हैं।

योगी सरकार की ओर से करीब 23.68 करोड़ रुपये की लागत से राम की पैड़ी का विकास कराया गया है। इस परियोजना के तहत परिसर में प्रवेश द्वार, मंच, म्यूरल वॉल और पत्थर से बनी कई कलात्मक संरचनाएं तैयार की गई हैं। इन सुविधाओं से राम की पैड़ी का स्वरूप और आकर्षक हुआ है।

ओपन एयर थिएटर और दर्शक दीर्घा का निर्माण

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के तहत पर्यटन विभाग ने परियोजना के दूसरे चरण में राम की पैड़ी का विकास किया है। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए ओपन एयर थिएटर और मंच बनाया गया है। इसके साथ ही दर्शकों के बैठने के लिए दर्शक दीर्घा भी तैयार की गई है। विजिटर गैलरी और सेल्फी प्वाइंट भी विकसित किए गए हैं। इन सुविधाओं से पर्यटकों को परिसर को करीब से देखने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

छह स्टोन छतरियां और छह ज्योति दीप बनाए गए

राम की पैड़ी की सुंदरता बढ़ाने के लिए छह स्टोन छतरियां और छह स्टोन ज्योति दीप बनाए गए हैं। इसके अलावा स्टोन स्तंभ, स्टोन प्लांटर और स्टोन जाली का निर्माण कराया गया है।

परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए ग्रीन एरिया विकसित किया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए दिशा सूचक लगाए गए हैं। साथ ही शिलालेख, प्रकाश व्यवस्था और म्यूरल वॉल जैसे काम भी कराए गए हैं।

पूरे साल पर्यटकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सरयू तट पर विकसित ये सुविधाएं अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव देंगी। दीपोत्सव के दौरान यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में नई सुविधाओं से धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि ये सुविधाएं केवल दीपोत्सव तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि पूरे साल अयोध्या आने वाले पर्यटकों के काम आएंगी।

अपर मुख्य सचिव एवं महानिदेशक पर्यटन अमृत अभिजात ने बताया कि अयोध्या में पर्यटन विकास का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधाएं देने के साथ उन्हें शहर की आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक परंपराओं और सरयू तट के प्राकृतिक सौंदर्य से जोड़ना है। राम की पैड़ी पर बने ओपन एयर थिएटर और दर्शक दीर्घा से यहां सांस्कृतिक आयोजनों को भी नया मंच मिलेगा।