Breaking News

सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ममता बनर्जी ने SIR के विरोध में अपना धरना समाप्त किया     |   इंडिगो एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा     |   मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए कांग्रेस और टीएमसी आए साथ     |   केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद तेल रिफाइनरियों ने एलपीजी उत्पादन में 10 प्रतिशत की वृद्धि की     |   2026 तक 10.73 करोड़ बैरल प्रतिदिन हो जाएगी तेल की खपत. सऊदी अरामको CEO का दावा     |  

बेंगलुरू हवाई अड्डे पर दक्षिण कोरियाई महिला के साथ यौन उत्पीड़न, एक कर्मचारी गिरफ्तार

Karnataka: बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कथित सुरक्षा जांच के दौरान एक दक्षिण कोरियाई नागरिक के साथ ग्राउंड स्टाफ के एक सदस्य ने यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने ये जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद अफ्फान अहमद (25) के रूप में हुई है, जो एक निजी एयरलाइन का संविदा कर्मचारी है। उसे 19 जनवरी को हुई इस घटना के संबंध में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि ये घटना टर्मिनल 2 पर उस समय हुई जब महिला दक्षिण कोरिया जाने वाली उड़ान में सवार होने से पहले इमिग्रेशन संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर रही थी। पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया कि कर्मचारी ने उसके बैग से बीप की आवाज आने का बहाना बनाकर, नियमित जांच के बहाने, उसे पुरुषों के शौचालय के पास एक सुनसान जगह पर ले गया।

शिकायत में कहा गया है कि हाथ से तलाशी लेने के बहाने, उसने कथित तौर पर कई बार महिला को गलत तरीके से छुआ और गले लगाया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब महिला ने कड़ा विरोध किया, तो आरोपी मौके से फरार हो गया।

महिला ने घटना की सूचना तुरंत हवाई अड्डे के सुरक्षाकर्मियों को दी, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।