Breaking News

सत्य निकेतन PG हादसा पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, सभी निजी हॉस्टलों के ऑडिट की मांग     |   उत्तर प्रदेश के हापुड़ के धौलाना में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, दूर तक दिखा धुएं का गुबार     |   पीएम मोदी का मेगा शो, Gen-Z से सीधा संवाद, वडोदरा में 6 हजार यंग प्रोफेशनल जुटे     |   सपा के नए ड्रेस कोड पर BJP का तंज- ‘चुनाव आते ही बदल लिया भेष’     |   दिल्ली PG हादसे के बाद NHRC का UGC और दिल्ली सरकार को नोटिस, DU हॉस्टल पर मांगी रिपोर्ट     |  

PM मोदी ने गुजरात को दी 35 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात, कई रेल और हाईवे प्रोजेक्ट का शिलान्यास-उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया। इस दौरान ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन महत्वपूर्ण हिस्सों का उद्घाटन किया। करीब 326 रूट किलोमीटर लंबे इन सेक्शनों को 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। इनमें न्यू साणंद (नॉर्थ)-न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-न्यू जेएनपीटी सेक्शन शामिल हैं।

इन परियोजनाओं से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी (JNPA) तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे आयात-निर्यात से जुड़े माल की आवाजाही तेज होगी, औद्योगिक केंद्रों और बंदरगाहों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी, लॉजिस्टिक्स लागत कम करने में मदद मिलेगी और मुंबई के रेलवे नेटवर्क पर दबाव भी घटेगा।

प्रधानमंत्री ने न्यू साणंद (नॉर्थ), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और न्यू जेएनपीटी, मुंबई से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा टांडा रोड से वडोदरा (प्रतापनगर) के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा की भी शुरुआत की। उन्होंने जॉबट-टांडा रोड नई रेल लाइन को राष्ट्र को समर्पित किया। यह लाइन छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना के तहत विकसित की गई है और इससे अलीराजपुर के दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों को देश के रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

पीएम मोदी ने करीब 329 किलोमीटर लंबी तीन रेल परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी, जिनकी लागत 9,700 करोड़ रुपये से अधिक है। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी रेल लाइन, मियागाम करजन-चोरंदा-मालसर गेज कन्वर्जन और विश्वामित्री-डभोई रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने करीब 1,780 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें NH-48 के कामरेज-चलथान सेक्शन को छह लेन का करना, वडोदरा-सूरत सेक्शन पर तापी और नर्मदा नदियों पर बड़े पुलों समेत अतिरिक्त संरचनाओं का निर्माण और NH-53 पर अभावा, मिंढोला और खजोद जंक्शन पर ग्रेड सेपरेटेड संरचनाओं का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया। इनमें वडोदरा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (VUDA) रिंग रोड फेज-2, कड़ाना बांध पर 110 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट और वडोदरा नगर निगम के नए कार्यालय जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत आवास परियोजनाओं और पूर्वी वडोदरा के 11 गांवों के लिए जलापूर्ति परियोजना का भी उद्घाटन किया गया।