मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनधन खातों के जरिए सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे गरीबों के बैंक खातों तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले जनधन खाते खोले जाने पर सवाल उठाए जाते थे, लेकिन अब गरीबों को योजनाओं का लाभ सीधे मिल रहा है।
सीएम योगी शुक्रवार को लोकभवन सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ पर आधारित नाट्य श्रृंखला के मंचन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान चल रहा है। इसी क्रम में संस्कृति विभाग के तहत भारतेंदु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने नाट्य प्रस्तुति दी।
‘बिना रुके, बिना डिगे और बिना झुके 25 साल’
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर को गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करेंगे। उन्होंने इसे “बिना रुके, बिना डिगे और बिना झुके” सेवा की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में विरासत और विकास को साथ लेकर बिना भेदभाव के विभिन्न वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। सीएम के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात की जिम्मेदारी ऐसे समय संभाली थी, जब राज्य भूकंप की त्रासदी से जूझ रहा था। इसके बाद दंगों की चुनौती भी सामने आई और इन परिस्थितियों के बीच गुजरात विकास के मॉडल के रूप में सामने आया।
2004 से 2014 के दौर पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान भ्रष्टाचार, अराजकता और अकर्मण्यता के कारण देश में अविश्वास का माहौल था। उन्होंने कहा कि आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के साथ अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर भी चुनौतियां थीं। सीएम के मुताबिक, 2014 में गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया।
सीएम योगी ने कहा कि इसके बाद जाति, मत, मजहब, क्षेत्र या भाषा के बजाय 140 करोड़ भारतीयों को केंद्र में रखकर योजनाएं आगे बढ़ाई गईं। उन्होंने कहा कि आज गरीबों को आवास, रसोई गैस, शौचालय, स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त राशन जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।
‘हवाई चप्पल वाला भी कर रहा हवाई यात्रा’
सीएम योगी ने कहा कि युवाओं के लिए स्टार्टअप और रोजगार के अवसर बढ़े हैं। हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो और एयरपोर्ट के विस्तार का भी उन्होंने जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले कोई प्रधानमंत्री यह दावा नहीं कर पाया कि हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई जहाज की यात्रा कर सकता है। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने इसे सिर्फ कहा नहीं, बल्कि करके दिखाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन हर भारतीय के लिए प्रेरणा का दिन होना चाहिए। उन्होंने इसे 15 अगस्त 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए आगे बढ़ने की बात कही।
पूरे यूपी में होगा नाट्य श्रृंखला का मंचन
कार्यक्रम के दौरान नाट्य प्रस्तुति में 2001 के गुजरात भूकंप की तबाही, कच्छ के पुनर्निर्माण और नरेंद्र मोदी की जनसेवा की यात्रा को मंच पर दिखाया गया। मुख्यमंत्री योगी ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे पूरे प्रदेश में आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों की स्थानीय बोलियों और लोकगीतों को भी नाट्य श्रृंखला में शामिल किया जाए। पूर्वांचल में भोजपुरी, मध्य क्षेत्र में अवधी, ब्रज क्षेत्र में ब्रज भाषा और बुंदेलखंड में बुंदेलखंडी के शब्दों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने बाल कलाकारों और भारतेंदु नाट्य अकादमी की टीम की सराहना की और कार्यक्रम के बाद कलाकारों के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। इस दौरान सीएम योगी ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में भाजपा अवध क्षेत्र के अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, लखनऊ जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री अंकुर शर्मा और योगेंद्र पटेल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, पवन सिंह चौहान और प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।