Breaking News

PM मोदी ने विशाखापट्टनम हादसे पर जताया शोक     |   ओमान में 24 भारतीय क्रू मेंबर्स वाले शिप पर अमेरिकी नेवी की ओर से हमले का आरोप     |   इजरायल के ईरान पर हालिया हमले के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर पूरी तरह से बंद     |   पटियाला हाउस कोर्ट ने NIA की याचिका पर 7 विदेशी नागरिकों को नोटिस जारी किया     |   वेस्ट एशिया में फिर बढ़े तनाव पर भारत ने जताई चिंता, सभी पक्षों से संयम की अपील     |  

जयपुर में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद, JDA की कार्रवाई से पहले प्रशासन अलर्ट

Jaipur: जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से 8 जून को प्रस्तावित बड़े अतिक्रमण हटाओ अभियान को देखते हुए जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े एहतियाती कदम उठाए हैं। संभावित तनाव और अफवाहों पर रोक लगाने के उद्देश्य से जयपुर के कई इलाकों में 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट और सोशल मीडिया सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश जारी किया गया है।

संभागीय आयुक्त जयपुर वी. सरवन कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया और इंटरनेट आधारित प्लेटफॉर्म्स के दुरुपयोग से भ्रामक सूचनाएं फैलने तथा सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, उकसावे या तनावपूर्ण स्थिति को रोकना उसकी प्राथमिकता है।

आदेश के मुताबिक, 7 जून की मध्यरात्रि 12 बजे से 8 जून की मध्यरात्रि 12 बजे तक जयपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र के साथ-साथ जयपुर उत्तर और जयपुर पूर्व जिले के सभी थाना क्षेत्रों में 2जी, 3जी, 4जी और 5जी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।
इसके साथ ही व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर), इंस्टाग्राम समेत सभी प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, बल्क एसएमएस और एमएमएस सेवाओं पर भी अस्थायी रोक रहेगी। यह प्रतिबंध गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आदर्श नगर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जलूपुरा, शास्त्रीनगर, विद्याधर

नगर, बनीपार्क, वैशाली नगर, सोडाला, मालवीय नगर, सांगानेर, प्रतापनगर, बगरू, दूदू, फागी, फुलेरा सहित जयपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के दर्जनों थाना इलाकों में लागू रहेगा।

हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वॉयस कॉल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी और उन पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।