Breaking News

पश्चिम बंगाल: उत्तर हावड़ा में नारेबाजी पर बवाल, केंद्रीय बलों ने किया लाठीचार्ज     |   बंगाल के ठाकुरनगर में पीएम मोदी की रैली, बोले- पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया     |   दिल्ली: द्वारका में पुलिसकर्मी पर फायरिंग का आरोप - एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल     |   ‘कला जगत को बड़ा नुकसान’, रघु राय के निधन पर ममता बनर्जी ने जताया दुख     |   'यह चुनाव भारत और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है', बंगाल में बोले केजरीवाल     |  

बढ़ती गर्मी का असर, भोपाल के स्कूलों में 30 अप्रैल तक छुट्टी का ऐलान

मध्य प्रदेश में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। खजुराहो और रतलाम में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं, भोपाल में भी रिकॉर्ड गर्मी दर्ज की गई है। इसको देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने 30 अप्रैल तक स्कूलों में नर्सरी से आठवीं तक की छुट्टी घोषित कर दी है। 

राजधानी में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के चलते जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते अवकाश घोषित कर दिया है। भोपाल जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय की तरफ से जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह छुट्टी नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए घोषित की गई है।

यह आदेश भोपाल जिले के सभी सरकारी, अशासकीय (निजी), अनुदान प्राप्त, सीबीएसई (CBSE) और आईसीएसई (ICSE) स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। आदेश के अनुसार इस दौरान  छात्रों के लिए अवकाश रहेगा, लेकिन विद्यालय के सभी शिक्षकों को अपने नियत समय पर विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।

जिला कलेक्टर की स्वीकृति के बाद यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्रशासन ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए यह कदम उठाया है ताकि बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाया जा सके। बता दें शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान से 3.2 डिग्री अधिक रहा।

लगातार दूसरे दिन राजधानी में पारा 42 डिग्री के पार पहुंचा। दिन के साथ रात में भी गर्मी बढ़ी, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दोपहर में सड़कों पर आवाजाही कम रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राजधानी में गर्मी से बड़ी राहत मिलने की संभावना कम है। मध्य प्रदेश के 22 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।