मलयालम अभिनेता-निर्माता दुलकर सलमान ने गुरुवार को कहा कि उनकी फिल्म 'आई एम गेम' की रिलीज टाल दी गई है और अब ये फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में तीन सितंबर को रिलीज होगी। सलमान ने सोशल मीडिया पर, रिलीज की नई तारीख की घोषणा करते हुए देरी के लिए दर्शकों से माफी मांगी और कहा कि ये फिल्म अब "और बड़े दृष्टिकोण" के साथ आएगी। ये एक्शन थ्रिलर फिल्म पहले 20 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर एक बयान में कहा, "खेल और बड़ा हो गया है। रिलीज का दायरा भी बढ़ गया है। हम दर्शकों की उत्सुकता को समझते हैं और देरी के लिए माफी मांगते हैं, लेकिन ‘आई एम गेम’ अब अपनी पूर्व निर्धारित तारीख 20 अगस्त को नहीं, बल्कि तीन सितंबर को दुनियाभर में रिलीज होगी।"
उन्होंने कहा, "रिलीज की नई तारीख फिल्म के लिए एक बड़े दृष्टिकोण के साथ आई है, क्योंकि ‘आई एम गेम’ विभिन्न बाजारों में व्यापक स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है।" उन्होंने कहा कि ये फिल्म मलयालम, तमिल, तेलुगु, हिंदी और कन्नड़ भाषाओं में एक साथ रिलीज होगी।
दुलकर ने कहा, "ये फैसला ‘आई एम गेम’ को वे सिनेमाई मंच देने के लिए लिया गया है, जिसकी वह वास्तव में हकदार है, ताकि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में दर्शक इसे बड़े पर्दे पर देख सकें। इंतजार थोड़ा और बढ़ गया है, लेकिन खेल और बड़ा हो गया है।"
नहास हिदायत के निर्देशन में बनी फिल्म 'आई एम गेम' में सलमान डैन जॉन की भूमिका में नजर आएंगे। नहास इससे पहले फिल्म 'आरडीएक्स' का निर्देशन कर चुके हैं। फिल्म में एंटनी वर्गीज, मिस्किन, कायादु लोहार, संयुक्ता विश्वनाथन, कथिर, विनय फोर्ट और पार्थ तिवारी भी अहम भूमिकाओं में हैं। मिस्किन फिल्म में खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं। वेफेयरर फिल्म्स के बैनर तले सलमान और जोम वर्गीज द्वारा निर्मित इस फिल्म का संगीत जैक्स बेजॉय ने दिया है, सिनेमेटोग्राफी जिम्शी खालिद का है। फिल्म का संपादन चमन चाको ने किया है।