Breaking News

दिल्ली की मंडोली जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने अरविंद केजरीवाल को लिखी चिट्ठी     |   कांग्रेस ने वंदे मातरम् के दो टुकड़े किए, संसद से पास कानून को नकारा: अमित शाह     |   'कांग्रेस ने वंदे मातरम् के दो-टुकड़े किए', बोले अमित शाह     |   पुणे पुलिस ने राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को अनुमति दी     |   लखनऊ में DRI का बड़ा एक्शन, हाथीदांत की 54 कलाकृतियों के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार     |  

उत्तराखंड में भारी बारिश से NH-707A बहा, कई सड़कें बंद

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-707A (कैंपटी-यमुनापुल) का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह बह गया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (DDMO) बृजेश भट्ट ने गुरुवार को बताया कि डिम्टा बेंड से आगे सड़क के बह जाने के कारण मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि डिम्टा बेंड और जीवन आश्रम के बीच सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण NH-707A पर यातायात रोक दिया गया है। वाहनों को मसूरी बेंड के रास्ते विकासनगर की ओर डायवर्ट किया जा रहा है।

वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग मार्ग पर देवप्रयाग के पास मलबा आने से NH-07 भी बंद हो गया है। इसके अलावा मलबा जमा होने के कारण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की 8 सड़कें और लोक निर्माण विभाग (PWD) की 7 सड़कें भी बंद हैं। गढ़वाल के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के कारण क्षेत्र की प्रमुख नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है।

प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे न जाने और जोखिम भरी गतिविधियों से बचने की अपील की है। खास तौर पर नदियों के पास सेल्फी लेने से बचने की सलाह दी गई है। देहरादून में टोंस, तमसा और आसन नदियों का जलस्तर बढ़ा है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण रिस्पना नदी में भी पानी बह रहा है। कुछ इलाकों में एक दिन में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश के चलते सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है।

प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यात्रा या आवाजाही रोके जाने की स्थिति में श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने यात्रा अस्थायी रूप से रुकने की स्थिति में श्रद्धालुओं के ठहरने और प्रबंधन की भी व्यवस्था की है।