तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले स्पेशल सब-इंस्पेक्टर (SSI) के. सेंथिल कुमार के परिवार को 40 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। 57 वर्षीय सेंथिल कुमार की रविवार रात थेनी जिले में कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने के बाद मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री के बयान के मुताबिक, सेंथिल कुमार पलानीचेट्टीपट्टी पुलिस स्टेशन में तैनात थे और उन्हें थेनी के डीएसपी कार्यालय में ड्यूटी पर लगाया गया था। रविवार रात ड्यूटी के दौरान उन्होंने समथर्मापुरम इलाके में सड़क पर पटाखे फोड़ रहे कुछ लोगों को देखा। इससे सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी और यातायात भी बाधित हो रहा था।
सेंथिल कुमार ने युवकों को सड़क से हटने की सलाह दी और उनकी गतिविधियों का मोबाइल फोन से वीडियो बनाने की कोशिश की। इसी दौरान जब उन्होंने एक युवक को पकड़ने का प्रयास किया तो एक व्यक्ति ने कथित तौर पर उनकी कोहनी से वार कर दिया। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल पुलिसकर्मी को पहले नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए थेनी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद थेनी के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में स्थानीय इलाके के तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने कहा कि SSI सेंथिल कुमार का निधन तमिलनाडु पुलिस विभाग और उनके परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने मृतक के परिवार, रिश्तेदारों और सहकर्मियों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए परिवार को 40 लाख रुपये की सहायता राशि देने का आदेश दिया है।