भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली के प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने को लेकर किए गए एक दावे पर उनके प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया दी है। प्रवक्ता ने उन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि कोहली को 2023 में पहली बार आश्रम जाने के लिए पांच करोड़ रुपये दिए गए थे।
विराट कोहली के प्रवक्ता ने इस दावे को ‘पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद’ बताया है। उन्होंने कहा कि विराट कोहली का प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाना उनकी आस्था और श्रद्धा से जुड़ा है।
कोहली और उनकी पत्नी व अभिनेत्री अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के भक्त हैं। दोनों कई बार वृंदावन स्थित उनके आश्रम जा चुके हैं। हाल ही में फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा की ओर से दावा किया गया था कि विराट कोहली को 2023 में पहली बार प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए पांच करोड़ रुपये दिए गए थे। इस दावे पर विराट कोहली के प्रवक्ता ने स्पष्ट बयान जारी करते हुए इसे गलत बताया।
प्रवक्ता ने कहा, “हम स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि विराट कोहली के संबंध में फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा द्वारा किए गए दावे पूरी तरह झूठे, बेबुनियाद और तथ्यों से परे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि कोहली का आश्रम जाना प्रेमानंद महाराज के प्रति उनकी “गहरी आस्था और श्रद्धा” से प्रेरित है।
प्रवक्ता ने मीडिया से भी अपील की कि ऐसी बातों को प्रकाशित या आगे बढ़ाने से पहले तथ्यों की पूरी तरह जांच की जाए और जिम्मेदारी से खबर प्रकाशित की जाए। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा कई मौकों पर प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंच चुके हैं। कोहली के करियर के महत्वपूर्ण दौर में भी उनका आश्रम जाना जारी रहा। 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी विराट कोहली के आश्रम जाने की खबर सामने आई थी। इसके अलावा इस साल जुलाई में भी विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के आश्रम पहुंचने की खबर सामने आई थी।