Breaking News

राजस्थान निकाय चुनाव 2026: नगर परिषद की 47 सीट का रुझान, 15 पर BJP आगे     |   यूपी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 IAS और 34 PCS अफसरों के तबादले     |   तेलंगाना: तड़के बेकाबू बस ने कई वाहनों और होटल को रौंदा, 1 की मौत     |   राजस्थान निकाय चुनाव: 309 सीटों के नतीजे जारी, 163 पर जीती बीजेपी     |   राजस्थान निकाय चुनाव 2026: 92 सीटों पर बीजेपी की जीत, 58 पर कांग्रेस का कब्जा     |  

नन्ही कल्पनाओं में सजेगा विकास का दशक, योगी सरकार में बच्चों को मिलेगा ‘मेरे सपनों का भारत’ का मंच

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को देश की विकास यात्रा से जोड़ने जा रही है। इसके लिए प्रदेश के विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें बच्चे चित्र, पोस्टर और भाषण के जरिए बताएंगे कि वे भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं और पिछले 10 वर्षों में देश में हुए विकास को अपनी कल्पना में कैसे देखते हैं।

कार्यक्रम के तहत 17 से 26 सितंबर 2026 तक विद्यालय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिला स्तर पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें सरकारी और निजी दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग के तहत कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा’ प्रतियोगिता कराई जाएगी। बच्चे पिछले 10 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में हुई उपलब्धियों और भविष्य के भारत की अपनी कल्पना को चित्र और पोस्टर के जरिए प्रस्तुत करेंगे।

हर विद्यालय से श्रेष्ठ पांच विद्यार्थियों के चित्र और पोस्टर चुने जाएंगे, जिन्हें जिला स्तरीय प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा। विद्यालय स्तर के आयोजन में अभिभावकों को भी शामिल किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर आयोजन का समन्वय करेंगे।

माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए भी 17 से 26 सितंबर तक ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। जिन विद्यालयों में कक्षा 6 से 8 की कक्षाएं भी संचालित हैं, वहां चित्रकला और पोस्टर प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। सरकार ने सरकारी और निजी विद्यालयों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिला स्तर पर प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसमें कक्षा 6 से 8 के पांच श्रेष्ठ चित्रकार विद्यार्थियों के चित्र और कक्षा 9 से 12 के चयनित विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां शामिल होंगी। कार्यक्रम में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र, ट्रॉफी/मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। माध्यमिक स्तर पर जिला विद्यालय निरीक्षक नोडल अधिकारी की भूमिका निभाएंगे। प्रतियोगिताओं के लिए ड्राइंग शीट, रंग और अन्य जरूरी सामग्री की व्यवस्था अनुमन्य समग्र शिक्षा मदों से की जाएगी।

सरकार का उद्देश्य बच्चों को केवल प्रतियोगिता का हिस्सा बनाना नहीं, बल्कि उन्हें देश की उपलब्धियों, विकास और भविष्य की संभावनाओं से जोड़ना है। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के जरिए विद्यालयों में बच्चों की कल्पना, रचनात्मकता और देश के भविष्य पर संवाद को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।