बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर कनिका कपूर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने बिजनेसमैन पति गौतम हथिरमानी से अलग होने का ऐलान किया है। शादी के करीब चार साल बाद दोनों ने आपसी सहमति से अलग-अलग रास्ते चुनने का फैसला किया है। कनिका कपूर ने बुधवार को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस खबर की जानकारी दी। उन्होंने एक बयान जारी कर अपने दोस्तों, परिवार और प्रशंसकों से इस मुश्किल समय में निजता बनाए रखने की अपील की।
सिंगर ने अपने बयान में लिखा, "काफी सोच-विचार के बाद मेरे पति और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हमने साथ में जो समय बिताया, उसके लिए मैं आभारी हूं और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं। मैं सभी से अनुरोध करती हूं कि आगे बढ़ते समय हमारी निजता का सम्मान करें।"
कनिका कपूर और गौतम हथिरमानी ने 20 मई 2022 को लंदन में एक निजी समारोह में शादी की थी। बताया जाता है कि दोनों कई सालों से एक-दूसरे को जानते थे और दोस्ती के बाद उनका रिश्ता शादी तक पहुंचा था।
हालांकि, कनिका ने अलग होने की वजह का खुलासा नहीं किया है। इससे पहले कनिका की शादी राज चंडोक से हुई थी। दोनों साल 2012 में अलग हो गए थे। कनिका तीन बच्चों आयाना, समारा और युवराज की मां हैं। कनिका कपूर 'बेबी डॉल' और 'चिट्टियां कलाइयां' जैसे हिट गानों के लिए जानी जाती हैं।