Breaking News

बंगाल: बागी नेताओं ने TMC के फंड की जांच की मांग की, थाने में दर्ज कराई शिकायत     |   TMC MP अभिषेक बनर्जी पार्टी के सांसदों के साथ लोकसभा स्पीकर से मिलने संसद पहुंचे     |   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20-21 जून को पश्चिम बंगाल और ओडिशा का दौरा करेंगे     |   ‘इजरायली डिफेंस फोर्सेज़ फिलहाल दक्षिणी लेबनान में तैनात रहेंगी’, बोले रक्षा मंत्री     |   पंजाब: BSF ने बॉर्डर पर हथियार तस्कर पकड़ा, AK-47, 25 पिस्तौल और 368 कारतूस बरामद     |  

Shilpa Sinde का टीवी इंडस्ट्री पर निशाना, बोलीं- 'कुछ निर्माता व्हाइट कॉलर माफिया की तरह काम करते हैं'

अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने एक बार फिर टीवी इंडस्ट्री में कलाकारों के सामने आने वाली चुनौतियों को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडस्ट्री में कुछ निर्माता "व्हाइट कॉलर माफिया" की तरह काम करते हैं और कलाकारों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में शिल्पा शिंदे ने कहा कि कलाकारों को अक्सर उनका हक नहीं मिलता और कई बार कलाकार संघ भी उनके समर्थन में खड़ा नहीं होता। उन्होंने दावा किया कि जो निर्माता कलाकारों का साथ देना चाहते हैं, उन्हें भी धमकियों का सामना करना पड़ता है।

शिल्पा ने कहा, "टीवी इंडस्ट्री के कुछ निर्माता माफिया की तरह काम करते हैं। जो उनके खिलाफ जाता है, उसे काम न मिलने की धमकी दी जाती है। कहा जाता है कि अगर हमारे खिलाफ गए तो आपका शो बंद करा देंगे और इंडस्ट्री में काम नहीं करने देंगे।" उन्होंने अभिनेता शहजादा धामी के कथित बकाया भुगतान के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि कलाकारों को कई बार न्याय के लिए लंबी लड़ाई लड़नी पड़ती है। शिल्पा ने यह भी कहा कि जब उन्हें समर्थन की जरूरत थी, तब इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनका साथ नहीं दिया।

शिल्पा शिंदे ने हाल ही में कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में भी 'भाबीजी घर पर हैं' से जुड़े पुराने विवाद पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि शो छोड़ने के बाद बकाया भुगतान को लेकर विवाद के दौरान उन्होंने निर्माता संजय कोहली के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी।

पॉडकास्ट में शिल्पा ने स्वीकार किया कि उस समय उन्होंने कुछ आरोप इसलिए लगाए थे क्योंकि वह खुद को घिरा हुआ महसूस कर रही थीं और उन्हें लगा कि उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि बाद में यह मामला सुलझ गया था और उन्हें उनका बकाया भुगतान भी मिल गया था। शिल्पा ने कहा कि लगभग दस साल बाद भी वह इस मुद्दे पर इसलिए बोल रही हैं क्योंकि उनके साथ जो हुआ, उसे लेकर आज भी उनके मन में कई सवाल हैं। उन्होंने इंडस्ट्री में रचनात्मकता की कमी और कुछ लोगों के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई। हालांकि, शिल्पा ने यह भी बताया कि वर्ष 2025 में 'भाबीजी घर पर हैं' में वापसी के बाद अब उनके शो की पूरी टीम के साथ अच्छे संबंध हैं। उन्होंने कहा कि शो के लेखक के कहने पर उन्होंने वापसी की थी और वर्तमान में टीम के साथ उनका रिश्ता सकारात्मक है।