Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

टीवी को 'कूड़ेदान' बोलने वाले बयान पर रोहित रॉय ने दी सफाई, बोले- किसी पर निजी हमला नहीं किया

अभिनेता रोहित रॉय अपने ‘डस्टबिन मीडियम’ वाले बयान को लेकर हुए विवाद पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनका बयान किसी अभिनेता, निर्देशक या निर्माता पर निजी हमला नहीं था, बल्कि भारतीय टेलीविजन पर बन रहे कंटेंट की गुणवत्ता को लेकर उनकी चिंता थी। हाल ही में रोहित रॉय का टेलीविजन को ‘डस्टबिन मीडियम’ कहने वाला बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद कुछ कलाकारों और दर्शकों ने उनकी आलोचना की थी। अब रोहित ने कहा कि उनके बयान को पूरी बातचीत सुने बिना केवल क्लिकबेट हेडलाइन के आधार पर समझा गया।

रोहित रॉय ने कहा कि वह खुद एक टीवी अभिनेता हैं और उन्हें टेलीविजन के साथ काम करने पर गर्व है। उन्होंने कहा, “मैं खुद एक टीवी एक्टर हूं। यह अलग बात है कि मुझे बड़ी फिल्मों और शानदार किरदारों में काम करने का मौका मिला है। लेकिन सच यह है कि मुझे टेलीविजन पसंद है।”

‘डस्टबिन मीडियम’ कहने का क्या मतलब था?

रोहित ने अपने बयान का मतलब समझाते हुए कहा कि आज टेलीविजन पर कई बार बिना कंटेंट की गुणवत्ता पर पर्याप्त ध्यान दिए कुछ भी बना दिया जाता है और यह मान लिया जाता है कि दर्शक उसे देखेंगे ही। उन्होंने कहा कि वह टेलीविजन के कंटेंट को बेहतर और ज्यादा रचनात्मक बनाने की बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह OTT पर इसलिए देख रहे हैं क्योंकि वहां उन्हें बेहतर कंटेंट मिल रहा है। रोहित ने टेलीविजन से जुड़े क्रिएटिव लोगों से बेहतर और नए तरह के कंटेंट पर काम करने की अपील भी की।

‘लोकतंत्र में असहमत होने का अधिकार है’

सोशल मीडिया पर हुई आलोचना को लेकर रोहित ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को उनसे असहमत होने का अधिकार है। हालांकि, उन्होंने कहा कि किसी प्रतिक्रिया से पहले पूरी बात और उसका संदर्भ समझना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि इंस्टाग्राम पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने वाले एक व्यक्ति को उन्होंने खुद मैसेज किया और पूछा कि उसने इस तरह प्रतिक्रिया क्यों दी। रोहित ने कहा कि वह चाहते थे कि लोग समझें कि उन्होंने वास्तव में क्या कहा था और उसका मतलब क्या था।

‘मैंने किसी अभिनेता, निर्देशक या निर्माता पर हमला नहीं किया’

रोहित रॉय ने साफ किया कि उन्होंने किसी अभिनेता, निर्देशक या निर्माता का नाम लेकर टिप्पणी नहीं की थी। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 30 वर्षों से वह टेलीविजन इंडस्ट्री के लिए काम कर रहे हैं और इसके सम्मान के लिए आवाज उठाते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि टेलीविजन पर काफी प्रतिभा है और कई कलाकार टीवी से निकलकर फिल्मों में बड़े सितारों के साथ काम कर चुके हैं। उनके मुताबिक, टीवी कलाकारों की प्रतिभा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

रोहित रॉय ने कहा कि उनका मकसद टेलीविजन इंडस्ट्री को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि उसमें बेहतर कंटेंट देखना है। उन्होंने कहा कि अगर लगातार एक जैसे शो बनाए जाते रहें और यह कहा जाए कि दर्शक यही देखना चाहते हैं, तो इससे टीवी इंडस्ट्री के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

‘चुंबक’ में नजर आ रहे हैं रोहित रॉय

वर्कफ्रंट की बात करें तो रोहित रॉय फिलहाल नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘चुंबक’ में नजर आ रहे हैं। इस सीरीज में उनके साथ नीना गुप्ता, संदीपा धर, मानसी पारेख, हेली शाह, अमायरा दस्तूर, सुमीत व्यास, अनंत जोशी, अर्जुन बिजलानी, देवेन भोजानी, डेलनाज ईरानी, सुमीत राघवन और अतुल कुमार जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। रोहित रॉय ‘स्वाभिमान’, ‘कुसुम’ और ‘भाभी’ जैसे टीवी शोज में काम कर चुके हैं। इसके अलावा वह ‘काबिल’, ‘LOC कारगिल’ और ‘फैशन’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए हैं।