Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ 41 साल के हुए

पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ आज 41 साल के हो गए। लोकप्रिय पंजाबी गायक के रूप में उभरे दिलजीत अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। दिलजीत का करियर 2000 के दशक के शुरुआती सालों में शुरू हुआ। उनका पहला गाना 'इश्क दा उड़ा अड़ा' हिट रहा। इसके साथ ही पंजाबी संगीत की दुनिया में उनका सफर शुरू हुआ। बाद में पश्चिमी धुनों पर पंजाबी लोक गीत उनके गीतों की खासियत बन गए।

उनके 'प्रॉपर पटोला', 'लैम्बडगिनी' और 'डू यू नो' जैसे गीतों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। दुनिया भर में उनके प्रशंसकों की संख्या तेजी से बढ़ी। दिलकश आवाज और गीतों पर परफॉर्मेंस के जरिए जल्द ही दुनिया में दिलजीत की अलग पहचान बन गई। उनके म्यूजिक एल्बम 'बैक टू बेसिक्स' और 'गोट' ने कामयाबी के झंडे गाड़ दिए।

दिलजीत के हिट गानों में 'लवर', 'पटियाला पैग', 'पीचेज', 'लेमोनेड' और 'हस हस' शामिल हैं। इनकी बदौलत वे सबसे लोकप्रिय और असरदार गायकों में शुमार होते गए। बॉलीवुड की दुनिया में उन्होंने 2016 में कदम रखा। फिल्म 'उड़ता पंजाब' में उन्होंने छोटे से कस्बे के पुलिस की भूमिका निभाई, जिसे ड्रग तस्करी के जंजाल से जूझना पड़ता है। अभिनेता के रूप में भी उनकी प्रतिभा की काफी तारीफ हुई। उसके बाद से वे कई कामयाब फिल्मों में अपना हुनर दिखा चुके हैं।

इनमें 2018 की 'सूरमा', 2019 की 'गुड न्यूज' और 2019 की ही 'अर्जुन पटियाला' शामिल हैं। इनके साथ हिन्दी फिल्म उद्योग जगत में गायक के अलावा अभिनेता के रूप में भी उनकी पैठ गहरी होती गई। संगीत और अभिनय की बदौलत सोशल मीडिया में भारी संख्या में लोग दिलजीत के मुरीद बन गए। वे मजेदार शीर्षक के साथ हंसाने वाले पोस्ट डालते हैं। इनसे उनकी पहचान सेलेब्रिटी होने के बावजूद जमीनी शख्स के रूप में बनी है। लोग उनके दीवाने बनते गए। सोशल मीडिया पर उनकी पहचान जायकेदार खाने के प्रेमी, सिख धर्म के प्रति श्रद्धालु और प्रशंसकों की तारीफ करने वाले के रूप में है। 41 साल की उम्र में दिलजीत ने अपनी प्रतिभा, हंस-मुख स्वभाव और कला के प्रति अपने समर्पण की बदौलत लाखों लोगों का दिल जीता है और ये सिलसिला जारी है।