Breaking News

मशहूर शूटर जसपाल राणा का निधन, अस्पताल में चल रहा था इलाज     |   छत्तीसगढ़: 'पुष्पा' की तरह हो रही 'सागौन' लकड़ी की तस्करी को पुलिस ने किया नाकाम     |   होर्मुज स्ट्रेट में US सेना ने ईरान के दो ड्रोन मार गिराए     |   भारत में 2024 में सड़क हादसों से 1.77 लाख लोगों की मौत, हर घंटे 20 लोगों ने गंवाई जान: सरकारी रिपोर्ट     |   दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में एक बिल्डिंग में लगी भीषण आग, तीन की मौत     |  

कंगना रनौत ने ‘डॉन-3’ विवाद पर रणवीर सिंह का किया समर्थन, कहा- कामयाबी के साथ दुश्मन भी मिलते हैं

Don 3 Row: अभिनेत्री कंगना रनौत ने ‘डॉन-3’ छोड़ने के अभिनेता रणवीर सिंह के फैसले पर उपजे विवाद के बीच एक फिल्म संगठन के उनका (रणवीर) बहिष्कार करने का निर्देश जारी करने के घटनाक्रम पर मंगलवार को अपनी राय जाहिर की।

उन्होंने कहा कि इस तरह की “अड़चनें” फिल्म उद्योग में सफलता का अभिन्न हिस्सा हैं। ‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज’ (एफडब्ल्यूआईसीई) ने पिछले महीने ‘डॉन-3’ से अलग होने के रणवीर के फैसले के विरोध में उनके बहिष्कार का निर्देश जारी किया था। संगठन ने अपने चार लाख से अधिक सदस्यों से कहा था कि वे रणवीर के आगामी योजनाओं में उनके साथ काम न करें। कंगना ने विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि फिल्म उद्योग में यह संभव ही नहीं है कि कोई व्यक्ति इतने ऊंचे मुकाम पर पहुंचे और उसके दुश्मन न बनें।

उन्होंने कहा कि रणवीर को ऐसी चुनौतियों को फिल्म उद्योग में अपने बढ़ते रुतबे के संकेत के रूप में देखना चाहिए। कंगना ने मुंबई में अपनी आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का ट्रेलर जारी किए जाने के मौके पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “मुझे हर किसी ने बैन कर दिया है। जब आपका रुतबा बढ़ता है, तो दुश्मन भी बन जाते हैं; बिना दुश्मन बनाए तरक्की करना नामुमकिन है। अब रणवीर सिंह को अपने रुतबे के बारे में सोचना चाहिए, क्योंकि उनके इतने सारे दुश्मन हैं, तो यह अच्छी बात है।”

उन्होंने कहा, “जीवन में आगे बढ़ते समय कई अड़चनें आती हैं, सब कुछ हमेशा आसान नहीं होता। मेरे साथ बहुत कुछ हुआ है और आज मैं अच्छा कर रही हूं, सब कुछ सही तरीके से चल रहा है। अंत में सब ठीक हो जाएगा।”

रणवीर के साथ काम न करने का एफडब्ल्यूआईसीई का निर्देश तब आया, जब ‘डॉन-3’ के निर्माता फरहान अख्तर और रितेश सिद्धवानी ने फिल्म से अलग होने के फैसले को लेकर ‘इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन’ (आईएफटीडीए) में अभिनेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।