Breaking News

फ्रांस में दंगों के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, 2,700 लोग हिरासत में लिए गए     |   तिब्बत में 7 की तीव्रता वाले भीषण भूकंप से भारी तबाही, 16 लोगों की मौत, 32 घायल     |   टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: कोटा से दबोचे गए तीन आरोपियों से कड़ी पूछताछ     |   हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का बड़ा असर, कई कंपनियां और दफ्तर बंद     |   बिहार-यूपी समेत 4 राज्यों की 28 MLC सीटों पर वोटिंग जारी     |  

'पेद्दी' विवाद को लेकर जाह्नवी कपूर के समर्थन में आईं डिंपल हयाती, ट्रोलर्स पर निशाना साधा

Peddi Controversy: अभिनेत्री डिंपल हयाती ने फिल्म 'पेद्दी' के विवाद के बीच जाह्नवी कपूर का समर्थन करते हुए उनकी आलोचना करने वाले ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया और कहा कि कई अभिनेत्रियों को ऐसी भूमिकाएं नहीं मिल पातीं जो उनकी क्षमताओं को पूरी तरह से प्रदर्शित कर सकें।

हयाती ने रविवार को अपने 'एक्स' हैंडल पर जाह्नवी कपूर के समर्थन में एक संदेश साझा किया। दरअसल दर्शकों के एक वर्ग ने फिल्म की आलोचना करते हुए कहा कि उसके कैमरा वर्क, संवादों और राम चरण और जाह्नवी कपूर के बीच दिखाए गए रोमांटिक दृश्यों के माध्यम से महिलाओं को वस्तु की तरह प्रस्तुत (ऑब्जेक्टिफाई) किया गया है।

हयाती ने कहा कि अगर किरदारों को ठीक से नहीं लिखा गया है, तो इसकी जिम्मेदारी अभिनेता की नहीं बल्कि लेखन और फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों की होती है। जाह्नवी कपूर का समर्थन करने के लिए हयाती को बाद में ट्रोल किया गया।

सोमवार को एक पोस्ट में हयाती ने ट्रोलर्स पर जमकर हमला बोला और कहा कि उनके विचार उनके अनुभव से बने हैं और उनका दूसरों के विचारों से मेल खाना जरूरी नहीं है। उन्होंने लिखा, "दोस्तो, शांत हो जाइए, तनावमुक्त हो जाइए, कृपया अपने जीवन पर ध्यान केंद्रित कीजिए मेरा अपना जीवन है, मेरी राय या मेरे अनुभव आपसे मेल खाने जरूरी नहीं हैं और न ही मैं आकर आपमें से हर एक के सवालों का जवाब दूंगी।"

अभिनेत्री ने कहा कि कुछ अभिनेत्रियों को अपने लिए लिखे गए या उन्हें दिए गए किरदारों की सीमाओं में ही सालों तक काम करना पड़ता है। उन्होंने लिखा, "लेकिन एक बात याद रखनी चाहिए कि हर अभिनेत्री इतनी भाग्यशाली नहीं होती कि उसे ऐसे किरदार मिलें जो उसकी प्रतिभा को पूरी तरह से प्रदर्शित कर सकें।"

फिल्म को लेकर हो रही आलोचनाओं पर निर्देशक बुची सना ने भी शनिवार को सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर जवाब दिया और कहा कि फिल्म में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। फिल्म चार जून को रिलीज हुई और वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है।