आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर ‘अल्फा’ से बॉक्स ऑफिस पर बड़े धमाके की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन रिलीज के पहले ही दिन फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही। वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल-लीड फिल्म ‘अल्फा’ ने बेहद धीमी शुरुआत की है और इसी के साथ यह फ्रेंचाइजी की सबसे कम ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है।
YRF स्पाई यूनिवर्स की सबसे कमजोर शुरुआत
शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘अल्फा’ वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है। इससे पहले रिलीज हुई ‘एक था टाइगर’, ‘टाइगर जिंदा है’, ‘वॉर’, ‘पठान’, ‘टाइगर 3’ और ‘वॉर 2’ जैसी फिल्मों ने ओपनिंग डे पर शानदार कमाई की थी। वहीं, ‘अल्फा’ उस स्तर का प्रदर्शन करने में असफल रही है। 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म के ट्रेलर और प्रमोशन को लेकर काफी चर्चा थी, लेकिन रिलीज के बाद इसे दर्शकों और समीक्षकों से मिले-जुले से लेकर नकारात्मक रिव्यू तक मिले हैं। इसका असर सीधे फिल्म की कमाई पर देखने को मिला।
पहले दिन कितना रहा कलेक्शन?
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन उम्मीद से काफी कम कारोबार किया।
- 7,534 शोज़ के साथ फिल्म ने भारत में 9.25 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया।
- भारत में ग्रॉस कलेक्शन 11.10 करोड़ रुपये रहा।
- ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने 5 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए।
- इसके साथ ही फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 16.10 करोड़ रुपये पहुंच गया।
अब वीकेंड पर टिकी उम्मीदें
‘अल्फा’ के लिए अब सबसे बड़ी उम्मीद वीकेंड से है। यदि फिल्म को सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ का फायदा मिलता है तो शनिवार और रविवार को इसके कलेक्शन में उछाल आ सकता है। हालांकि सोशल मीडिया पर फिल्म की कहानी, स्क्रीनप्ले और मुख्य कलाकारों की परफॉर्मेंस को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। ऐसे में आने वाले दो दिन यह तय करेंगे कि ‘अल्फा’ बॉक्स ऑफिस पर वापसी कर पाएगी या फिर YRF स्पाई यूनिवर्स की सबसे कमजोर कड़ी साबित होगी।