Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

यूपीएसएसएससी PET 2026: 33 लाख अभ्यर्थियों के लिए कड़ी सुरक्षा, परीक्षा केंद्रों पर सख्त जांच

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 के लिए रविवार सुबह परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें अभ्यर्थियों के पहचान पत्रों की जांच करने के साथ कतारों को व्यवस्थित करती नजर आईं।

परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थी कतारों में खड़े दिखाई दिए। प्रशासन ने परीक्षा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए। दूसरे जिलों से परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने भी तैयारियों पर भरोसा जताया।

33 लाख अभ्यर्थियों ने किया आवेदन

चंदौली से परीक्षा देने प्रयागराज पहुंचे अभ्यर्थी जय किसान सिंह ने बताया कि उनका परीक्षा केंद्र प्रयागराज में आवंटित हुआ है। उन्होंने कहा कि उनकी तैयारी अच्छी है और परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है।

उन्होंने बताया कि इस बार करीब 33 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। उनके अनुसार, पिछली परीक्षाओं की तुलना में इस बार भीड़ प्रबंधन बेहतर नजर आ रहा है। परीक्षा के आयोजन में उचित अंतराल रखने से अभ्यर्थियों की आवाजाही से जुड़ी परेशानियां भी कम हुई हैं।

परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल और बैग जमा करने की व्यवस्था

चंदौली से आए एक अन्य अभ्यर्थी विशाल ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिसकर्मी परिसर में व्यवस्था संभाल रहे हैं और अभ्यर्थियों को व्यवस्थित तरीके से कतार में लगाया जा रहा है।

विशाल के मुताबिक, अभ्यर्थियों ने अपने मोबाइल फोन और बैग केंद्र के बाहर निर्धारित काउंटरों पर जमा किए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए किए गए इंतजामों का पूरा आकलन परीक्षा समाप्त होने के बाद ही हो सकेगा, लेकिन केंद्र पर फिलहाल सुरक्षा और निगरानी कड़ी दिखाई दे रही है।

सरकारी ग्रुप C भर्तियों के लिए जरूरी है PET

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) राज्य सरकार के विभिन्न ग्रुप C पदों पर भर्ती के लिए पात्रता परीक्षा के रूप में आयोजित की जाती है। इस परीक्षा के जरिए अभ्यर्थियों को राज्य में विभिन्न सरकारी पदों पर भर्ती की आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलता है।