Breaking News

गुजरात पुलिस में बड़ा फेरबदल, ज्ञानेंद्र सिंह मलिक बने DGP     |   'युवा ही देश की सबसे बड़ी ताकत', बोले खेल मंत्री मनसुख मांडविया     |   भारतीयों के खिलाफ नफरत फैलाने पर सिंगापुर सख्त, सोशल मीडिया से हटेंगी 14 पोस्ट     |   CJP का विरोध प्रदर्शन खत्म, अभिजीत दीपके जंतर-मंतर से निकले     |   यूक्रेन ने रूस के एक तेल डिपो और सैन्य अड्डे पर हमला किया     |  

अब छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में भी, होगा पैरेंट टीचर मीटिंग

 छत्‍तीसगढ़ के सरकारी स्‍कूलों में भी अब पैरेंट टीचर मीटिंग होगा। इस संबंध में राज्‍य के स्‍कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परेदशी ने राज्‍य के सभी कलेक्‍टरों को पत्र जारी किया है। इसमें राज्य के प्रत्येक शासकीय विद्यालयों में पालक-शिक्षक बैठक नियमित रूप से कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। शैक्षणिक सत्र 2024-25 में मेगा पालक-शिक्षक बैठक का आयोजन 06 अगस्‍त 2024 को संकुल स्तर पर किया जाना है। स्‍कूल शिक्षा सचि‍व की तरफ से जारी पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक संकुल में बैठक पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करा ली जाए तथा तैयारियों का भौतिक निरीक्षण जिला स्तरीय टीम से कराना सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान निर्धारित 12 मुद्दो पर पालको से चर्चा करने के लिए प्रत्येक संकुल में शिक्षकों का चिन्हांकन कर उनका उन्मुखीकरण करा लिया जाए। जिससे कि वे संबंधित मुद्दों के संबंध में पालकों को जानकारी देने में सक्षम हो सकें। बैठक में शिक्षक, शासन द्वारा संचालित विद्यार्थी हितग्राही योजनाओं की जानकारी पालकों को देंगे, जिससे पालक एवं विद्यार्थियों को योजनाओं का पूर्ण लाभ मिल सके। शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन हेतु राज्य में संचालित विभिन्न कार्यकमों की जानकारी भी पालकों को दी जाएगी। बैठक में केवल शिक्षक एवं पालक सम्मिलित होंगे तथा विद्यालयों में अध्यापन कार्य सुचारू रूप से संचालित होगा। प्रत्येक शाला के आधे शिक्षक ही बैठक में उपस्थित रहेंगे और आधे शिक्षक अपने विद्यालय में शैक्षणिक कार्य करेंगे।

बैठक में शाला विकास समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में काउंसलर, शिक्षाविदों को भी आमंत्रित किया जाएगा  जिससे कि पालकों को श्रेष्ठ पालकत्व की ओर अग्रेषित होने में मदद हो सके। बैठक की मॉनिटरिंग जिला स्तर पर दल बनाकर अनिवार्य रूप से कराई जाएगी।