Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

BRICS Summit की तैयारियों के बीच दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट, 35 से ज्यादा सड़कों पर आवाजाही प्रभावित

राजधानी दिल्ली में BRICS Summit 2026 की तैयारियों के तहत आज मोटर कारकेड रिहर्सल आयोजित की जाएगी। रिहर्सल के चलते सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नई दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और नियंत्रित आवाजाही लागू रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, भारत मंडपम, प्रगति मैदान में 11 से 13 सितंबर 2026 तक होने वाले 18वें BRICS Leaders Summit की तैयारियों के तहत यह रिहर्सल की जा रही है। इस दौरान राजधानी में 22 डायवर्जन पॉइंट्स और 35 से अधिक सड़कों पर ट्रैफिक रेगुलेशन किया जाएगा।

रिहर्सल के दौरान सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंबा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, केमल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टिटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग समेत कई रास्तों पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कुल 22 प्रमुख डायवर्जन पॉइंट्स चिन्हित किए हैं। इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ-कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट, वंदे मातरम मार्ग, धौला कुआं फ्लाईओवर और मोती बाग फ्लाईओवर समेत अन्य प्रमुख स्थान शामिल हैं। इन स्थानों पर जरूरत के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए भी एडवाइजरी जारी की है। इसके अलावा गुरुग्राम, द्वारका, दक्षिण दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। एयरपोर्ट जाने के लिए मेट्रो को सबसे बेहतर विकल्प बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, मेट्रो सेवाएं सभी स्टेशनों पर सामान्य रूप से संचालित रहेंगी और रिहर्सल के कारण मेट्रो सेवा में कोई व्यवधान नहीं होगा।

वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान बसों के रूट में अस्थायी बदलाव या डायवर्जन किया जा सकता है। वहीं टैक्सी और ऑटो को निर्धारित स्थानों को छोड़कर सड़क किनारे खड़ा करने पर प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने नियंत्रित किए जाने वाले मार्गों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग नहीं करने की अपील की है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की जरूरी सलाह

  • एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और ISBT जाने वाले लोग घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलें।

  • संभव हो तो निजी वाहन की जगह सार्वजनिक परिवहन और मेट्रो का इस्तेमाल करें।

  • आपातकालीन और मेडिकल वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी।

  • प्रतिबंधित या नियंत्रित मार्गों के 200 मीटर के भीतर सड़क किनारे वाहन पार्क न करें।

  • ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

  • यात्रा से पहले अपने रूट और संभावित डायवर्जन की जानकारी जरूर जांच लें।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि ट्रैफिक व्यवस्था और डायवर्जन से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए traffic.delhipolice.gov.in पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।