आगामी 18वें ब्रिक्स लीडर्स समिट के दौरान अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात बढ़ने की संभावना को देखते हुए दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने की क्षमता बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। तैयारी के तहत टर्मिनल-3 के पियर C को 9 सितंबर की रात से चरणबद्ध तरीके से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए चालू किया जाएगा। इसके लिए सभी जरूरी सुरक्षा और परिचालन जांच एवं मंजूरियां पूरी की जा रही हैं।
पियर C पर शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय आगमन की सुविधा होगी। वहीं, 10 सितंबर की शाम से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के आगमन और प्रस्थान दोनों को यहां से संचालित करने की योजना है। इसके पूरी तरह शुरू होने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय यात्री क्षमता 50 प्रतिशत बढ़कर सालाना 31 मिलियन यात्रियों (31 MPPA) तक पहुंच जाएगी।
DIAL ने यह तैयारी CISF, ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS), एयरलाइंस, ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों, इमिग्रेशन, कस्टम्स समेत अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर की है। इसका उद्देश्य ब्रिक्स समिट के दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा और संचालन को सुचारु बनाए रखना है। 18वां ब्रिक्स लीडर्स समिट 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होगा। इसका मुख्य आयोजन स्थल भारत मंडपम है। समिट में ब्रिक्स देशों और साझेदार देशों के नेता एवं वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल के साथ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और कारोबारी प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
DIAL के CEO प्रदीप पाणिकर ने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट ब्रिक्स समिट के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर आने वाले नेताओं, गणमान्य व्यक्तियों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों को बेहतर और सुरक्षित सुविधा देने के लिए सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि पियर C के अंतरराष्ट्रीय संचालन से टर्मिनल-3 की क्षमता और बढ़ेगी और इससे बड़े आकार के आधुनिक व वाइड-बॉडी विमानों को संभालने में भी मदद मिलेगी। समिट के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए DIAL ने सभी संबंधित एजेंसियों के साथ अतिरिक्त समन्वय व्यवस्था भी लागू की है। एजेंसियों की टीमें पूरे समय एयरपोर्ट के सुचारु संचालन और यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए काम करेंगी।