Breaking News

अखिलेश यादव का BJP पर हमला, महिला आरक्षण और जातीय जनगणना को लेकर साधा निशाना     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी PM मोदी से कर रहे मुलाकात     |   अमृतसर: पाकिस्तान लिंक वाले ड्रग्स तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार     |   ईरानी संसद के डिप्टी स्पीकर अली निकजाद ने कहा- ईरान ब्लैकमेलर नहीं है     |   चीन ने कहा- हॉर्मुज में जल्द सामान्य आवाजाही बहाल होने की उम्मीद     |  

बंगाल चुनाव से पहले सियासी संग्राम तेज, रेखा गुप्ता का ममता सरकार पर तीखा हमला

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राज्य में महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी जैसे मुद्दों को उठाते हुए टीएमसी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। बंगाल में मतदान से पहले रेखा गुप्ता ने कहा कि राज्य की जनता अब “सम्मानजनक और भयमुक्त शासन” के लिए बीजेपी को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, हमारा विश्वास और मजबूत हो रहा है कि बंगाल के लोग, जो अब तक डर और दबाव में जी रहे थे, बीजेपी की सरकार बनाने जा रहे हैं। 4 मई को आने वाले नतीजे विकास और भरोसे की राजनीति को सामने लाएंगे।”

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गुंडागर्दी चरम पर है और महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करतीं। “हर महिला घर से निकलने में डरती है, और अगर निकलती भी है तो मुख्यमंत्री ही सवाल उठाती हैं। आरजी कर केस हो या कोई और घटना, महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं,” उन्होंने कहा।

रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि राज्य में हर क्षेत्र में माफिया का दखल है और भ्रष्टाचार व्यापक स्तर पर फैला हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में जनता टीएमसी को दोबारा क्यों वोट दे। वहीं, खड़गपुर सदर सीट से बीजेपी उम्मीदवार दिलीप घोष ने भी पार्टी की जीत को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “अब टीएमसी के जाने का समय आ गया है। ममता बनर्जी के पास अब कुछ नहीं बचा है, उनका जाना तय है।”

दिलीप घोष ने कहा कि बूथों पर केंद्रीय बलों की तैनाती से लोगों में भरोसा बढ़ा है और वे बिना डर के वोट डाल पाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पुलिस और गुंडे मिलकर लोगों को डराने का काम करते हैं। गौरतलब है कि 2021 के चुनाव में टीएमसी ने 213 सीटों के साथ बड़ी जीत हासिल की थी, जबकि बीजेपी 77 सीटों तक पहुंची थी। इस बार मुकाबला और कड़ा माना जा रहा है। पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।