Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसआई-मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े उन नौ संदिग्ध गुर्गों को गिरफ्तार किया है, जो राष्ट्रीय राजधानी में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और सुरक्षा कर्मियों पर हमलों की कथित तौर पर साजिश रच रहे थे। एक अधिकारी ने शनिवार को ये जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान आरोपियों के पास से हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। इसने बताया कि खुफिया जानकारी पर आधारित एक अभियान के बाद इन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस मॉड्यूल पर कुछ समय से निगरानी रखी जा रही थी, जिसके बाद इसके सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए समन्वित कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि कथित तौर पर ये नौ गुर्गे पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी ‘इंटर-सर्विसेज इंटेलीजेंस’ (आईएसआई) और मुंबई के अंडरवर्ल्ड से जुड़े लोगों के इशारे पर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें कथित तौर पर दिल्ली में संवेदनशील ठिकानों पर हमले करने का काम सौंपा गया था।
पुलिस ने कहा कि आरोपी सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने और सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के उद्देश्य से की गई गतिविधियों में कथित तौर पर शामिल थे। पुलिस ने बताया कि नेटवर्क के पूरे दायरे का पता लगाने, इनके अन्य साथियों की पहचान करने और बरामद हथियारों और विस्फोटकों के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस इस मॉड्यूल की गतिविधियों को निर्देशित करने में सीमा पार के संभावित संबंधों, वित्तपोषण के माध्यमों और विदेशी आकाओं की भूमिका की भी जांच कर रही है। विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।