दिल्ली सरकार ने छठ पूजा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में बैठक कर राजधानी में छठ पूजा के लिए बनाए जाने वाले घाटों और वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, एंबुलेंस, फायर सेफ्टी, मोबाइल टॉयलेट, साफ-सफाई, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। दिल्ली जल बोर्ड, MCD, PWD, DDA, दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, फायर विभाग और BSES के अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।
15 अक्टूबर से Single Clearance Window
मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि छठ पूजा के आयोजकों को अलग-अलग विभागों से अनुमति लेने में परेशानी न हो, इसके लिए 15 अक्टूबर से Single Clearance Window सिस्टम शुरू किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और छठ पूजा से काफी पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
घाटों पर बिजली और मुफ्त बिजली आपूर्ति
दिल्ली सरकार ने छठ घाटों और अन्य आयोजन स्थलों पर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का फैसला किया है। इसके साथ ही इन स्थानों पर मुफ्त बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी की जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस साल छठ पूजा के दौरान पहले से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना है।
सुरक्षा और व्यवस्था पर जोर
सरकार का फोकस छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के साथ शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने पर है। कपिल मिश्रा ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।