Breaking News

ब्रेंट क्रूड की कीमत फिर 100 डॉलर के पार, 7 हफ्ते बाद आया उछाल     |   अकृति चौधरी की NSA हिरासत रद्द करने के HC फैसले को SC में चुनौती देगी UP सरकार     |   देश के सात रेलवे प्रोजेक्ट अब फोर ट्रैक होंगे, कैबिनेट ने दी मंजूरी     |   बहन-बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाई तो जगह या तो जेल होगी या जहन्नुम: CM योगी     |   मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, 7 रेलवे प्रोजेक्‍ट्स को मिली 4 लेन की मंजूरी, अब देर नहीं होंगी ट्रेनें     |  

दिल्ली में महिला की अश्लील AI डीपफेक तस्वीरें वायरल करने के आरोप में 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट साइबर पुलिस ने एक महिला की निजी इंस्टाग्राम प्रोफाइल से उसकी तस्वीरें लेकर AI की मदद से अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाने और उन्हें ऑनलाइन फैलाने के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान केशव बंसल के रूप में हुई है। वह B.Tech ग्रेजुएट है और ईस्ट पंजाबी बाग का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला को कॉलेज के समय से जानता था। दोनों के बीच कथित तौर पर विवाद और व्यक्तिगत रंजिश हो गई थी। आरोप है कि इसी नाराजगी के चलते उसने महिला की निजी इंस्टाग्राम प्रोफाइल से उसकी तस्वीरें हासिल कीं। महिला ने साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दी थी कि उसे कुछ अनजान इंस्टाग्राम अकाउंट से मैसेज मिल रहे हैं। इन मैसेज में बताया गया कि उसकी मॉर्फ की गई तस्वीरें और वीडियो Discord सर्वर पर शेयर किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कई फर्जी इंस्टाग्राम, Discord और फेसबुक अकाउंट बनाए थे। इन अकाउंट और कई Gmail IDs का इस्तेमाल कथित तौर पर आपत्तिजनक कंटेंट बनाने, अपलोड करने और उसे फैलाने के लिए किया गया। महिला को कथित तौर पर धमकी भरे मैसेज भी भेजे गए, जिनका मकसद उसे बदनाम करना और परेशान करना था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल फुटप्रिंट, सोशल मीडिया अकाउंट, ईमेल आईडी और अन्य तकनीकी सबूतों का विश्लेषण किया। जांच में कई Instagram, Discord और Gmail अकाउंट सामने आए, जो आपत्तिजनक कंटेंट बनाने और फैलाने से जुड़े पाए गए। जांच के बाद पुलिस ने केशव बंसल की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने महिला की निजी इंस्टाग्राम प्रोफाइल से तस्वीरें हासिल कीं और AI आधारित इमेज जनरेशन और एडिटिंग तकनीक की मदद से उनकी अश्लील मॉर्फ तस्वीरें बनाईं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इन तस्वीरों को अनजान Discord सर्वरों पर अपलोड किया। इसके बाद कुछ अन्य ऑनलाइन यूजर्स ने और ज्यादा आपत्तिजनक AI-generated तस्वीरें और वीडियो बनाए, जिन्हें आरोपी ने कथित तौर पर दोबारा Discord पर शेयर किया। पुलिस आरोपी के इस कथित खुलासे को तकनीकी, इलेक्ट्रॉनिक और फॉरेंसिक सबूतों के जरिए सत्यापित कर रही है।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से Samsung Galaxy S23 मोबाइल फोन और दो SIM कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा मामले से जुड़े अन्य डिजिटल सबूत भी मिले हैं। पुलिस अब बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही पूरे डिजिटल नेटवर्क का पता लगाने और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।