Breaking News

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया: अमित शाह     |   यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-3 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान: IMD     |   पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |  

दिल्ली में नौकर ने की महिला और उसके बेटे की हत्या, आरोपी को उत्तर प्रदेश से पकड़ा

New Delhi: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में घरेलू सहायक ने एक महिला और उसके बेटे की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को ये जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने आरोपी मुकेश (24) को एक ट्रेन से उस समय पकड़ लिया जब वह भागने की कोशिश कर रहा था। 

यह मामला तब प्रकाश में आया जब बुधवार रात नौ बजकर 43 मिनट पर लाजपत नगर-एक निवासी कुलदीप सेवानी की तरफ से पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) कॉल आई। पुलिस के अनुसार, सेवानी ने बताया कि उनकी पत्नी रुचिका (42) और 14 वर्षीय बेटा फोन नहीं उठा रहे हैं और उनके घर की सीढ़ियों पर खून के धब्बे हैं। 

पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) हेमंत तिवारी ने एक बयान में कहा, ‘‘पीसीआर वाहन और एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। रुचिका और उसके बेटे के शव घर के अंदर बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि महिला का शव शयनकक्ष में और उनके बेटे का शव स्नानगृह में मिला। 

बयान के अनुसार, कुलदीप और उनकी पत्नी की लाजपत नगर बाजार में कपड़े की दुकान है और उनका बेटा दसवीं कक्षा में पढ़ता था। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मूलरूप से बिहार के हाजीपुर का निवासी उनका घरेलू सहायक मुकेश घटना के बाद से लापता है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि वह कपड़े की दुकान पर और परिवार के लिए ड्राइवर के तौर पर भी काम करता था। 

तिवारी ने बताया कि बाद में उसे उत्तर प्रदेश पुलिस ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह ट्रेन से भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने बताया कि दोहरे हत्याकांड की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है तथा जांच जारी है।