Breaking News

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया     |   नकल माफिया सपा-कांग्रेस की देन: सीएम योगी     |   पटना में छात्रों का प्रोटेस्ट: तेज प्रताप को पटना पुलिस ने हिरासत में लिया     |   'पहले शिक्षा मंत्री को हटाओ, फिर होगी बात', राहुल गांधी ने मोदी सरकार को दिया अल्टीमेटम     |   क्या मुझे चरित्र प्रमाण पत्र लेने की जरूरत है कि मेरा उपवास पवित्र था: वांगचुक     |  

उत्तर प्रदेश: हाथरस में डीएम के ड्राइवर की बेटी की गोली मारकर हत्या, पारिवारिक रंजिश का शक

उत्तर प्रदेश के हाथरस में तहसील सदर में शनिवार को शाम उस समय दहशत फैल गई, जब बाइक सवार दो हमलावरों ने 24 वर्षीय युवती को उसकी मां के सामने गोली मार दी। मृतका की पहचान कल्पिता के रूप में हुई है, जो हाथरस के जिलाधिकारी राहुल पांडेय के चालक राकेश शर्मा की बेटी थी। परिवार तहसील परिसर में ही रहता है। पुलिस के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब कल्पिता अपनी मां के साथ बाजार से खरीदारी कर स्कूटी से लौट रही थी। तभी बुलेट सवार दो युवक आए, रास्ता रोका और कल्पिता को गोली मारकर फरार हो गए। घायल अवस्था में राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि मृतका की मां इस वारदात की चश्मदीद गवाह हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद है। पुलिस को संदेह है कि ये साजिश कल्पिता के भाई की पत्नी (भाभी) से जुड़े विवाद के चलते रची गई। एसपी ने कहा, “प्राथमिक जांच में पता चला है कि कल्पिता की भाभी के एक दोस्त ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। मामला दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।” पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।