Breaking News

‘24 मार्च को होंगे पार्लियामेंट के लिए चुनाव’, डेनमार्क के प्रधानमंत्री का ऐलान     |   IND vs ZIM T20 WC: चेन्नई में ज‍िम्बाब्वे ने जीता टॉस, भारत की पहले बल्लेबाजी     |   महाराष्ट्र: सुनेत्रा अजित पवार को सर्वसम्मति से NCP का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया     |   भारत और इजरायल के बीच शिक्षा और AI से जुड़े समझौते हुए     |   पीएम मोदी का इजरायल दौरा: भारत और इजरायल के बीच कई समझौते हुए     |  

नैनीताल में नाबालिग से कथित बलात्कार की घटना के बाद तनाव, हिंदू संगठनों ने निकाला विरोध मार्च

उत्तराखंड के नैनीताल में एक नाबालिग लड़की के कथित यौन उत्पीड़न की घटना के बाद तनाव का माहौल है। देर रात कुछ वीडियो भी सामने आए जिसमें लोग मारपीट करते नजर आए और दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई। वहीं गुरुवार को कुछ हिंदू वादी संगठनों ने विरोध मार्च निकाला। यौन उत्पीड़न का आरोप 60 साल के एक व्यक्ति पर है। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। 

पुलिस ने बताया कि पेशे से ठेकेदार उस्मान नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इलाके में शांति कायम रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। लड़की के कथित यौन उत्पीड़न के बाद बुधवार रात आठ बजे उसे मेडिकल जांच के लिए ले जाए जाने की खबर फैलते ही विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। कुछ हिंदू संगठनों के सदस्यों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया।

पुलिस ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लोगों की कुछ दुकानों को निशाना बनाते हुए उनमें तोड़-फोड़ की गयी जबकि एक निकटवर्ती मस्जिद पर पत्थर फेंके गए। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगा रही भीड़ ने वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और क्षेत्र में स्थित कुछ मकानों पर भी पत्थर फेंके जिससे उनकी खिड़कियों के शीशे टूट गए। 

नैनीताल के शहर पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उग्र लोगों को शांत करने का प्रयास किया। प्रदर्शन आधी रात के बाद भी जारी रहे जिसे देखते हुए पुलिस तनाव बढ़ने से रोकने के लिए देर रात दो बजे तक गश्त करती रही। 

फिलहाल वकीलों ने आरोपी के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई को लेकर कुमाऊं मंडल के कमिश्नर दीपक रावत से मुलाकात की। दीपक रावत ने वकीलों को भरोसा देते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नैनीताल में शांति बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें।