Breaking News

जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |   वेनेजुएला के तेल से भरा जाएगा 44 साल के निचले स्तर पर पहुंचा US भंडार, ट्रंप का ऐलान     |   ईरान पर आर्थिक दबाव बनाने की तैयारी में अमेरिका, बैंक पर लगाएगा प्रतिबंध     |   अमेरिकी हमले के बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई, जॉर्डन में US सैन्य बलों को बनाया निशाना     |  

अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, एनकाउंटर में 2 शूटर ढेर, पुलिसकर्मियों पर की थी फायरिंग

उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश एसटीएफ और शामली पुलिस के साथ मुठभेड़ में हत्या में शामिल दो मुख्य शूटर मारे गए। दोनों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से कई अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए हैं।

अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए पूरे शामली जिले में सख्त चेकिंग अभियान चलाया था। आधी रात से सुबह 6 बजे तक जिले में आने-जाने वाले वाहनों की जांच के आदेश दिए गए थे। शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए SWAT टीम, सर्विलांस टीम, सभी थाना प्रभारी, ASP और CO स्तर के अधिकारियों को लगाया गया था।

एसपी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4 बजे हिजाना थाना क्षेत्र में SHO वीरेंद्र कसाना वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान करनाल की तरफ से एक बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली पुलिस वाहन में लगी, लेकिन SHO बाल-बाल बच गए। इसके बाद उन्होंने वायरलेस पर सभी टीमों को इसकी सूचना दी।

आरोपी बाइक से कैराना की तरफ भागने लगे। रास्ते में कोतवाली थाना प्रभारी धर्मेंद्र गौतम ने भी उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग कर दी, जिससे उसकी विंडस्क्रीन टूट गई। वायरलेस पर पहले ही अलर्ट जारी होने के कारण SWAT टीम, सर्विलांस टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाशों ने टीम पर भारी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में सुमित और मोहित मारे गए। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

यूपी के ADG लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि अंकित बालियान की हत्या शामली कोतवाली के पास हुई थी। CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को पता चला कि वारदात में चार शूटर शामिल थे, जो दो बाइक पर सवार होकर फरार हुए थे। पुलिस लगातार उनका पीछा कर रही थी। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए दोनों आरोपियों के पास से खतरनाक हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस अब हत्या में शामिल अन्य शूटरों और गैंग के बड़े सदस्यों की तलाश कर रही है।

इस बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुआ है, जिसमें कथित तौर पर Gogi गैंग ने अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली है। हालांकि पुलिस अभी इस पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है। पोस्ट में दावा किया गया है कि अंकित ने गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की हत्या से मिलती-जुलती थीम पर एक गाना बनाया था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या अंकित का Gogi गैंग से कोई पुराना विवाद था और क्या इसी वजह से उसकी हत्या की गई।

अंकित बालियान की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार पर सवाल उठाए थे। SP प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अंकित की हत्या को लेकर चिंता जताई थी। वहीं, यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा था कि सरकार ने इस हत्या को बहुत गंभीरता से लिया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर ऐसे मामलों का राजनीतिकरण करने का आरोप भी लगाया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।