Breaking News

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया: अमित शाह     |   यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-3 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान: IMD     |   पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |  

अलीगढ़ में भीषण सड़क हादसा, दो महिलाओं की मौत, दर्जनभर लोग घायल

अलीगढ़ जिले के अतरौली थाना क्षेत्र में रायपुर स्टेशन रोड पर स्थित पशु पेठ के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मैक्स गाड़ी और एक कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे घटनास्थल पर ही दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना छर्रा क्षेत्र के गुलरिया नगला गांव की रहने वाली अंगूरी देवी और गुड्डू देवी अपने पारिवारिक जनों के साथ एक मैक्स वाहन से भात भरने के लिए प्रकाशपुर थाना डिबाई जा रही थीं। रास्ते में रायपुर स्टेशन रोड पर अचानक सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने मैक्स को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैक्स गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में अंगूरी देवी और गुड्डू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे में कार व मैक्स में सवार लगभग दर्जन भर लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृत महिलाओं के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में एक साथ दो महिलाओं की मौत से मातम पसरा हुआ है। पूरे इलाके में घटना को लेकर शोक और सन्नाटा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है।