मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र के प्रीतविहार कालोनी में एक 18 महीने की मासूम की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बच्ची घुटने के बल चलते हुए अचानक घर से निकलकर बाहर सड़क पर आ गई थी। सड़क पर तेज गति से आ रही क्रेट कार ने बच्ची को टक्कर मारी। कार का आगे का पहिया बच्ची के सिर के ऊपर से उतर गया। कार सवार गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। जबकि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रीत विहार में अभिषेक प्रजापति का परिवार रहता है।अभिषेक एक नर्सिंग होम में कंपाउंडर हैं। शनिवार को अभिषेक नर्सिग होम में ड्यूटी पर था। पत्नी गुड्डन घर के अंदर काम कर रही थी। इसी बीच उनकी 18 महीने की बेटी तनिष्का घर के आंगन से खेलते खेलते घुटनों के बल सड़क पर आ गई।
वहां से नौचंदी के प्रीत विहार में धागा फैक्ट्री के मालिक संजय गुप्ता अपनी क्रेटा कार से जा रहा था। कार की स्पीड बहुत ज्यादा थी। कार चालक की बेकाबू कार ने घर के बाहर खेल रही मासूम बच्ची को कुचल दिया। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर भी कारोबारी ने कार को नहीं रोका। पहिया बच्ची के सिर के ऊपर से उतर जाने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
वही आासपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि जब कार से बच्ची को टक्कर लगी तो कार रोककर उतरने के बजाय संजय गुप्ता ने क्रेटा की गति और तेज की और गढ़ रोड की तरफ निकल गए। क्रेटा के आगे का पहिया बच्ची के सिर के ऊपर से उतर गया। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बच्ची के स्वजनों को आरोपित कारोबारी की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।
जहां उसके बाद स्वजन ने बच्ची का शव गोद में लेकर हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि रिहायशी कालोनी में फैक्ट्री संचालित हो रही है। ऐसे में हादसा होना तो तय है। हर रोज फैक्ट्री से सामान लेकर जाते वाहनों से हादसे होते रहते है।