Breaking News

चक्रवात मुरासु के कारण आंध्र प्रदेश में उखड़े पेड़     |   यूपी में आज बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा     |   जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में भूकंप के झटके, 3.1 रही तीव्रता     |   'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ सड़कों पर उतरेगी BJP, यूपी के 6 क्षेत्रों में पदयात्रा     |   ट्रंप प्रशासन को SC से झटका, कैलिफोर्निया के 20 हजार बैलेट गिनने पर रोक की मांग खारिज     |  

Meerut News: याकूब कुरैशी के बेटे पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज, दारोगा और मुंशी सस्पेंड

मेरठ में बसपा से पूर्व मंत्री और मीट माफिया हाजी याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज फर्जी पासपोर्ट कांड में 2 पुलिसकर्मियों पर गाज गिर गई है। मेरठ एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने शनिवार देर रात मेडिकल थाने के दरोगा और मुंशी को निलंबित कर दिया है। पूरे मामले में फिरोज पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

दरअसल फिरोज पासपोर्ट पर फर्जी रिपोर्ट लगवाकर उसका नवीनीकरण करा लिया था। फिरोज को कोर्ट से सशर्त जमानत मिली है उसे दुबई जाते हुए दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ा गया था। वहीं मामले में फिरोज, एक अज्ञात और संलिप्त पुलिसकर्मी पर मुकदमा हुआ है।

एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने फिरोज के पासपोर्ट कांड की जांच एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह को दी है। पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा के पासपोर्ट के नवीनीकरण प्रकरण में शनिवार को कार्रवाई हुई। एसओ मेडिकल सूर्यद्वीप विश्नोई ने फिरोज उर्फ भूरा के खिलाफ कूट रचित फर्जी दस्तावेज पेश कर धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई।एसएसपी विपिन ताडा ने दारोगा रतिभान व थाने के मुंशी लोकेश कुमार की भूमिका संदिग्ध मानी और दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया।

आपको बता दे पिछले शनिवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पूर्व मंत्री याकूब के बेटे फिरोज को दुबई जाते समय पकड़ा था। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी है। एयरपोर्ट अथारिटी ने बाद में फिरोज को खरखौदा पुलिस को सौंप दिया था। उसके पास से पासपोर्ट मिला था।

जहां जांच में पता चला फिरोज ने मिलीभगत कर पासपोर्ट नवीनीकरण के लिए आवेदन कराया। आवेदन में कागजात सराय बहलीम थाना कोतवाली के लगाए गए, जबकि थाने के कालम में कोतवाली के बजाय मेडिकल कर दिया। पासपोर्ट सेल में जांच मेडिकल थाने भिजवाई गई। वहां पर तैनात दारोगा रतिभान ने बिना जांच के छह मार्च 2024 को फिरोज के पासपोर्ट पर ओके रिपोर्ट लगाकर गाजियाबाद पासपोर्ट आफिस भेज दी। वहां से पासपोर्ट जारी कर दिया।

वहीं पुलिस की जांच में पता चला कि फिरोज के अलावा इमरान और फिरोज के बच्चों के भी पासपोर्ट जारी किए जा चुके हैं। उन पासपोर्ट पर रिपोर्ट कोतवाली थाना पुलिस ने लगाई थी। शुक्रवार को एसपी सिटी कार्यालय में पासपोर्ट सेल में तैनात पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए थे।

शनिवार को पूरे ही मामले पर एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने फिरोज के पासपोर्ट नवीनीकरण की संस्तुति करने वाले दारोगा रतिभान, थाने के मुंशी लोकेश कुमार को निलंबित कर दिया। साथ ही फिरोज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। एसएसपी ने बताया कि एसपी सिटी की रिपोर्ट के आधार पर दारोगा, मुंशी के अलावा पासपोर्ट सेल व अन्य दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।