Breaking News

इंटीरियर के नाम पर करोड़ों की ठगी का पर्दाफाश, i Home Master का डायरेक्टर गिरफ्तार

Noida: सेक्टर-63 थाना पुलिस ने इंटीरियर डिजाइन के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए i Home Master Private Limited के डायरेक्टर गुड्डू आलम को गिरफ्तार किया है। 35 वर्षीय गुड्डू आलम, मूल रूप से बिहार के मधेपुरा जिले का निवासी है और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के बिसरख क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने उसे जी-172 सेक्टर-63 से दबोचा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त ने अपनी कंपनी के जरिए करीब 20 लोगों से इंटीरियर कार्य के नाम पर अनुबंध कर लगभग 94 लाख रुपये से अधिक की रकम वसूल ली। आरोप है कि वह 50 से 60 प्रतिशत अग्रिम राशि लेने के बाद काम शुरू नहीं करता था और पैसे वापस मांगने पर ग्राहकों को गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देता था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभियुक्त जानबूझकर घरों में तोड़फोड़ कर काम अधूरा छोड़ देता था ताकि ग्राहक किसी अन्य डिजाइनर के पास न जा सके। पुलिस ने उसके कब्जे से 6 मॉनीटर, 6 सीपीयू, 6 कीबोर्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।