Breaking News

काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |   जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार     |   जंतर-मंतर पर CJP के प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद     |   राज्यसभा में जोरदार हंगामा, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस     |   दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |  

दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क में पिता-पुत्र की चाकू घोंपकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Delhi: दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के सीआर पार्क इलाके में एक व्यक्ति और उसके बेटे की चाकू घोंपकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारी ने शनिवार को ये जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान राकेश सूद (62) और उनके बेटे करण सूद (27) के रूप में हुई है, जबकि राहुल नामक एक रिश्तेदार घायल हुआ है और उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना शुक्रवार रात करीब नौ बजकर 20 मिनट पर साकेत के एक निजी अस्पताल से प्राप्त हुई, जहां सीआर पार्क स्थित तारा अपार्टमेंट के तीन लोगों को उनके रिश्तेदारों ने भर्ती कराया था।

दक्षिण क्षेत्र की अपर पुलिस उपायुक्त ऐश्वर्या सिंह ने कहा, ‘‘जांच करने पर चिकित्सकों ने राकेश सूद और करण सूद को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल घायल अवस्था में पाया गया।’’ घटना की सूचना मिलते ही तुरंत एक टीम घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान असद के रूप में हुई है, जिसकी लंबे समय से पिता-पुत्र से दुश्मनी थी और यह घटना उसी का नतीजा थी। उन्होंने ने बताया, ‘‘आरोपी तारा अपार्टमेंट का निवासी है। उसने दोनों पर शाम करीब छह बजे कथित तौर पर धारदार वस्तु से हमला किया।’’

उन्होंने कहा कि पैसों के लेन-देन से जुड़े होने के कारण इस घटना को अंजाम दिये जाने का संदेह है। पुलिस ने बताया कि अपराध और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत एकत्र किए, जबकि जांच के तहत इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

उन्होंने ने कहा, ‘‘घटना में जीवित बचे व्यक्ति के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।’’ उन्होंने ये भी बताया कि आरोपी द्वारा अपराध स्थल से भागने के लिए इस्तेमाल किया गया वाहन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि सीआर पार्क थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ संगम विहार थाने में 2005 में भी मामला दर्ज किया गया था। इसी बीच, आम आदमी पार्टी की नेता सौरभ भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तारा अपार्टमेंट, अलकनंदा को दक्षिण दिल्ली की सबसे सुरक्षित कॉलोनी माना जाता था। सुषमा स्वराज और कई सांसद वर्षों तक वहां रहे थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दोहरे हत्याकांड से दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था के बारे में बहुत कुछ पता चलता है।’’