Breaking News

पश्चिम बंगाल: सुष्मिता देव, प्रकाश चिक बराइक और सुखेंदु रॉय शेखर BJP में शामिल     |   UP: बुलंदशहर में भारी बारिश से मस्जिद की दीवार गिरी, 2 लोगों की मौत, 4 घायल     |   गाजियाबाद: सर्वोदय नगर में घर के बाहर गली में भरे पानी में डूबी 3 वर्षीय बच्ची, मौत     |   होर्मुज में टैंकर पर हमले के बाद कतर ने एलएनजी उत्पादन बढ़ाने की योजना को रोका     |   कतर ने जॉर्डन, बहरीन और कुवैत पर ईरान की ओर से किए जा रहे हमलों की निंदा की     |  

महादेव ऐप मामले में CBI की चार्जशीट, 6 आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के आरोप

महादेव ऐप से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने छह आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इनमें आशिम दास, रोहित गुलाटी, विकास छापरिया, अनिल धमानी, विशाल आहूजा और धीरज आहूजा शामिल हैं। सीबीआई ने इन पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत भ्रष्टाचार और आईपीसी के तहत धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए हैं। जांच एजेंसी ने महादेव ऐप के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ भी अतिरिक्त सबूत अदालत में पेश किए हैं। दोनों के खिलाफ पहले ही चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।

सीबीआई के अनुसार, महादेव ऐप देश के सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में से एक है, जिसे भारत के बाहर से संचालित किया जा रहा था। सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल ने सोशल मीडिया के जरिए इस नेटवर्क को देशभर में फैलाया। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने देशभर में अवैध सट्टेबाजी पैनल चलाए, लाखों लोगों को जोड़ा और इससे बड़ी मात्रा में अवैध कमाई की। इस पैसे को कई बैंक खातों के जरिए इधर-उधर भेजकर आखिर में विदेश पहुंचाया गया। जांच में यह भी पता चला कि इस अवैध कमाई का कुछ हिस्सा सरकारी अधिकारियों को सुरक्षा के नाम पर रिश्वत देने में इस्तेमाल किया गया।

सीबीआई ने बताया कि सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और उनके कई साथी कुछ साल पहले पश्चिम एशियाई देशों में भाग गए थे और वहीं से इस पूरे नेटवर्क को चला रहे हैं। मुख्य आरोपियों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है। साथ ही उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। सीबीआई ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, इसके राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने पर आगे और भी चार्जशीट दाखिल की जाएंगी।