Breaking News

PM मोदी ने ओमान के सुल्तान और कुवैत के क्राउन प्रिंस से बात की     |   अरविंद केजरीवाल कल मनीष सिसोदिया के घर पर होली मनाएंगे     |   कतर के विदेश मंत्रालय ने कहा कि कल ईरानी जेट विमानों को मार गिराने से पहले चेतावनी दी गई थी     |   तमिलनाडु कांग्रेस चीफ बोले- DMK के साथ गठबंधन के लिए बातचीत जारी     |   पूर्ण चंद्र ग्रहण शुरू, चंद्रोदय होते ही भारत के कई हिस्सों में आएगा नजर     |  

दिल्ली के 45 से ज्यादा स्कूलों और तीन कॉलेजों में मिली बम की धमकी, छात्रों और अभिभावकों में दहशत

New Delhi: दिल्ली के 45 से ज़्यादा स्कूलों और तीन कॉलेजों को शुक्रवार को ईमेल के ज़रिए बम की धमकियाँ मिलीं, जिससे छात्रों और उनके अभिभावकों में दहशत फैल गई। इस हफ़्ते ये चौथा दिन है जब दि्लली के स्कूलों को बम की धमकियों का निशाना बनाया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस और अन्य त्वरित प्रतिक्रिया अधिकारी फिलहाल तलाशी और निकासी अभियान में लगे हुए हैं। जैसे ही इन संस्थानों को ईमेल के ज़रिए धमकियाँ मिलनी शुरू हुईं, पुलिस, बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्तों के साथ, और अग्निशमन विभाग स्कूलों और कॉलेजों की ओर रवाना हो गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों से मिली ताज़ा जानकारी के अनुसार जिन तीन कॉलेजों को ऐसी धमकियाँ मिली हैं, उनमें इंद्रप्रस्थ (आईपी) महिला कॉलेज, हिंदू कॉलेज और उत्तरी दिल्ली स्थित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) शामिल हैं। आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है।

भारद्वाज ने कहा, "पेरेंट्स के बीच में ये दहशत और ये अफरा-तफरी की वो अपना काम-धंधा, नौकरी छोड़कर वो बच्चों के स्कूल जाएं, बच्चों को वापस लेकर घर पर भेजें, ये बड़ा पैनिक का सिचुएशन है। और ये लगभग जो हर रोज की घटना हो गई है। सरकार पूरी तरीके से अपने आप को असहाय दिखा रही है कि हमारे हाथ में कुछ नहीं है, हम क्या करें। ऐसे नहीं चलता है, आप इतना बड़ा देश चला रहे हैं, आपके पास इतना बड़ा सिक्योरिटी सेटअप है। आप अपने विरोधियों के खिलाफ रोज छापेमारी कर रहे हैं। रोज उनको जेल में डाल रहे हैं। आपको अपना राजनीतिक स्वार्थ सिद्ध करना हो तो सारी की सारी एजेंसी आपके लिए दिन-रात काम कर रही हैं। मगर जहां पब्लिक का काम हो, वहां कुछ नहीं हो रहा है। लॉ एंड ऑर्डर का भी बुरा हाल है, रोज गोलियां चल रही हैं, चाकू-छुरे चल रहे हैं, रोज बलात्कार हो रहे हैं। पूरा का पूरा जंगलराज आज हम देख सकते हैं।"

इससे पहले कई ज़िलों के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियाँ मिली थीं। द्वारका में छह स्कूलों- सेंट थॉमस स्कूल, जीडी गोयनका स्कूल, डीआईएस एज स्कूल, मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, द्वारका इंटरनेशनल स्कूल और ला पेटिट मोंटेसरी स्कूल ने पुलिस को धमकियाँ मिलने की सूचना दी। इसके बाद इन स्कूलों में पुलिस पहुंची और तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार धमकी भरे ईमेल में से लिखा था, "नमस्ते। मैं आपको ये बता रहा हूँ कि मैंने स्कूल की कक्षाओं में कई विस्फोटक (ट्रिनाइट्रोटोल्यूइन) रखे हैं। विस्फोटकों को काले प्लास्टिक बैग में छिपाया गया है।"

हालांकि द्वारका के पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि अभी तक द्वारका के स्कूलों में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। कई सुरक्षा एजेंसियों ने गुरुवार को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 10 जगहों पर मॉक ड्रिल की।