Breaking News

BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |   मुंबई में महंगाई का डबल अटैक... महंगी हुई CNG-PNG, ऑटो और काली-पीली टैक्सी का किराया भी बढ़ा     |   हिमाचल: नालागढ़ पुलिस स्टेशन IED ब्लास्ट केस में 3 और गिरफ्तार, NIA के शिकंजे में अब 6 आरोपी     |   यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूसी एयर स्ट्राइक, 3 की मौत; 5 घायल     |   होर्मुज स्ट्रेट में टैंकर पर हमला, 3 अज्ञात प्रोजेक्टाइल से टकराने की खबर     |  

Uttarakhand: कोटद्वार में दुकान के नाम को लेकर बजरंग दल का प्रदर्शन, पुलिस ने दर्ज किए तीन केस

Uttarakhand: उत्तराखंड के कोटद्वार में एक दुकान का नाम "बाबा" रखे जाने के विरोध में बजरंग दल के प्रदर्शन के बाद हुए विवाद के मद्देनजर पुलिस ने तीन मामले दर्ज किए हैं। ये विवाद तब शुरू हुआ जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने "बाबा ड्रेस" नाम पर आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि ये नाम कोटद्वार के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर "सिद्धबली बाबा" के नाम से भ्रम पैदा कर सकता है और उन्होंने दुकान मालिक से नाम बदलने की मांग की।

दुकान मालिक वकील अहमद ने कहा, "लोग संतों को बाबा कहते हैं, डॉ भीमराव अंबेडकर को आदरपूर्वक बाबासाहेब कहा जाता है, बच्चों को अक्सर प्यार से बाबा कहा जाता है और यहां तक ​​कि मौलाना जैसे धार्मिक नेताओं को भी कभी-कभी इस नाम से संबोधित किया जाता है। ये एक बहुत ही सामान्य सा नाम है और इसे इस विश्वास के साथ रखा गया था कि दुकान फलेगी-फूलेगी।" हिंदू समूह के प्रदर्शन का विरोध करने वाले स्थानीय जिम मालिक दीपक कुमार भी उन लोगों में शामिल हैं, जिनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

दीपक ने बताया, “मैं अपने दोस्त की दुकान पर बैठने गया था, तभी मैंने देखा कि पास की एक दुकान पर कुछ उपद्रवी लोग हंगामा कर रहे हैं। मैंने सोचा कि जाकर देखूं कि वे क्या कर रहे हैं। कुछ देर बाद, वे जोर-जोर से “बाबा जी” चिल्लाने लगे और कहने लगे कि दुकान का नाम गलत है और इसे बदलना होगा।” पुलिस ने रविवार को इलाके में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की।

मामले में एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवर ने कहा, "26 जनवरी को एक घटना घटी, जब कुछ लोग एक दुकान पर पहुंचे और उसके नाम पर आपत्ति जताते हुए उसे बदलने की मांग की। दोनों पक्षों के सदस्य आमने-सामने आ गए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद हमने इस घटना के संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए। इसके अलावा 28 जनवरी को एक और घटना घटी, जब दीपक कुमार के जिम के सामने लोगों का एक समूह इकट्ठा हो गया। हमने इस मामले में भी मामला दर्ज किया क्योंकि लगभग 20-30 लोग इकट्ठा होकर सड़क जाम कर रहे थे।"