Breaking News

अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी दूध के दाम बढ़ाए, कल से दो रुपये प्रति लीटर महंगा     |   रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव नई दिल्ली पहुंचे, कल ब्रिक्स समिट में लेंगे हिस्सा     |   केरल CM के नाम का कल होगा ऐलान: जयराम रमेश     |   अमूल ने दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए     |   बागियों पर AIADMK का बड़ा एक्शन, 29 नेताओं को पद से हटाया     |  

Manipur: कांगपोकपी में संदिग्ध आतंकवादियों के हमले में तीन लोगों की मौत, चार घायल

Manipur: मणिपुर के कांगपोकपी जिले में बुधवार को संदिग्ध आतंकवादियों के हमले में कथित तौर पर तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने ये जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि ये घटना कोत्जिम और कोटलेन गांवों के बीच उस समय घटी जब थाडौ बैपटिस्ट एसोसिएशन (टीबीए) के सदस्य चुराचंदपुर में एक धार्मिक सभा में शामिल होने के बाद लौट रहे थे।

पुलिस ने बताया कि संदिग्ध आतंकवादियों ने उन दो वाहनों पर गोलीबारी की जिनमें वे यात्रा कर रहे थे। मृतकों में मणिपुर बैपटिस्ट कन्वेंशन के पूर्व महासचिव रेवरेंड वी. सिटलौर भी शामिल थे। अन्य दो मृतकों की पहचान रेवरेंड कैगौलेन और पास्टर पागौलेन के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने बताया कि घायलों में से तीन को इलाज के लिए इंफाल के शिजा अस्पताल और अनुसंधान संस्थान में भर्ती कराया गया है। उन्होंने एक बयान में कहा, "मैंने उप-मुख्यमंत्री श्री लोसी दिखो, गृह मंत्री श्री गोविंदास कोंथौजम, विधायकों और सरकार के अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ घायलों से मुलाकात की और उनका हालचाल पूछा।"

उन्होंने कहा, “राज्य सरकार घायलों के सभी चिकित्सा खर्च का वहन करेगी और मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।” सिंह ने कहा कि आतंकवाद और “हिंसा के निरर्थक कृत्य” जो निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाते हैं और शांति को खतरे में डालते हैं, एक सभ्य समाज में इनकी कोई जगह नहीं है।

उन्होंने कहा, “हिंसा की ये घटना न केवल पीड़ितों के परिवारों के लिए बल्कि पूरे राज्य के लिए बेहद चिंताजनक और विनाशकारी है, क्योंकि यह शांति के हमारे मार्ग में बाधा डालती है। हमारा राज्य धीरे-धीरे शांति की ओर बढ़ रहा है। इसलिए, सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए हमारे लोगों के इस सामूहिक प्रयास को कमजोर करने वाले कृत्य अस्वीकार्य हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “किसी भी समाज में आतंकवाद के किसी भी रूप का कोई औचित्य नहीं है। पूरा राज्य और हमारी जनता इस तरह के आतंकी कृत्य के खिलाफ एकजुट हैं और आतंकवाद के खिलाफ लड़ने का हमारा संकल्प अटूट है।”

सिंह ने समाज के सभी वर्गों से शांति बनाए रखने, संयम बरतने और भावनात्मक प्रतिक्रियाओं से बचने की अपील की। उन्होंने कहा, “इसके अलावा, मैंने लोगों से अपहरण, बंधक बनाने और समुदाय के आधार पर धमकाने जैसी घटनाओं को तुरंत रोकने का आग्रह किया। इससे स्थिति और बिगड़ सकती है।मैं लोगों को आश्वस्त करता हूं कि हम अपराधियों और उनके सहयोगियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए राज्य के सभी संसाधनों का उपयोग करेंगे।”

हत्याओं के बाद, कांगपोकपी जिले में पूर्णतः बंद लागू कर दिया गया, जिससे आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बाजारों को बंद करवा दिया और एनएच दो पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। मैतेई संगठन अरंबाई तेंगगोल ने हमले में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया।

एक बयान में, संगठन ने अपनी संलिप्तता के आरोपों को "बेबुनियाद और राजनीतिक रूप से प्रेरित" बताया। राज्य में कुकी जनजाति की सर्वोच्च संस्था, कुकी इनपी मणिपुर ने भी इस घटना की निंदा की। संस्था ने कहा, "रेव वी सिटलहो एक सम्मानित चर्च नेता और शांतिदूत हैं, जिन्होंने हाल ही में नागालैंड जॉइंट क्रिश्चियन फोरम (एनजेसीएफ) के साथ कोहिमा में कुकी-जो और तांगखुल समुदायों के बीच शांति, सुलह और आपसी समझ को बढ़ावा देने के लिए शांति मिशन का नेतृत्व किया था।"