Breaking News

वाराणसी: महिला दिवस पर विश्वनाथ मंदिर में महिलाओं को मिला VIP ट्रीटमेंट     |   IND vs NZ: टीम इंडिया का बड़ा फैसला, फाइनल में नहीं होगा कोई बदलाव     |   मौलाना की टिप्पणी के बाद UP के कई जिलों में लोगों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस मुख्यालय हुआ अलर्ट     |   बिहार: निशांत कुमार ने जेडीयू की सदस्यता ली, एक्टिव पॉलिटिक्स में हुई एंट्री     |   रीवा एक्सप्रेस में आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज पर जानलेवा हमला, हुए जख्मी     |  

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में कई प्रेशर बमों में विस्फोट, 11 सुरक्षाकर्मी घायल

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों द्वारा लगाए गए कई प्रेशर बमों में हुए विस्फोट में 11 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान कर्रेगुट्टा पहाड़ियों के जंगलों में प्रेशर बमों में धमाके हुए। उन्होंने बताया कि घायल सुरक्षाकर्मियों में से 10 राज्य पुलिस की इकाई जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के हैं, जबकि एक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन का है।

अधिकारियों ने बताया कि कोबरा बटालियन के घायल जवान की पहचान रुद्रेश सिंह के रूप में हुई है, जो कोबरा 210 वीं बटालियन में उप निरीक्षक है। उन्होंने बताया कि सिंह और डीआरजी के दो जवानों को पैर में चोट लगी है, जबकि तीन अन्य कर्मियों को आंखों में छर्रे लगे हैं। सभी घायल सुरक्षाकर्मियों को रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पिछले साल नवंबर में सुरक्षाबलों ने कर्रेगुट्टा इलाके में उसूर पुलिस थाना की सीमा के तहत ताड़पाला गांव में अपना शिविर लगाया था, जिसे माओवादियों के लिए एक सुरक्षित ठिकाना माना जाता था। पिछले साल अप्रैल-मई में केंद्रीय और राज्य के सुरक्षाबलों ने कर्रेगुट्टा पहाड़ियों के आसपास घने जंगलों में 21 दिनों तक एक व्यापक अभियान चलाया था और इस दौरान कम से कम 31 नक्सलियों को मार गिराया गया था।

पुलिस ने बताया था कि अभियान के दौरान बलों ने 35 हथियार, 450 बारूदी सुरंग और बड़ी संख्या में डेटोनेटर, विस्फोटक उपकरण, साथ ही 12 हजार किलोग्राम अन्य सामग्री जब्त की थी, जिसमें चिकित्सा आपूर्ति, बिजली के उपकरण, नक्सली साहित्य आदि शामिल थे।